Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हरियाणा: जींद के सफीदों में गैस सिलेंडर फटा, झुलसने से युवती की मौत

    Updated: Fri, 17 Jul 2026 05:29 PM (IST)

    सफीदों के रजाना कलां गांव में चाय बनाते समय गैस सिलिंडर फटने से 25 वर्षीय मनीषा की झुलसकर मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में पूरा मकान ध्वस्त हो गया और घ ...और पढ़ें

    सफीदों के रजाना कलां में गैस सिलिंडर फटा युवती की मौत मकान ध्वस्त।

    सफीदों के रजाना कलां में गैस सिलिंडर फटा युवती की मौत मकान ध्वस्त।

    HighLights

    1. रजाना कलां में चाय बनाते समय गैस सिलिंडर फटा

    2. 25 वर्षीय मनीषा की झुलसने से दर्दनाक मौत हो गई

    3. हादसे में पूरा मकान ध्वस्त, सारा सामान जलकर राख

    संवाद सूत्र, सफीदों। गांव रजाना कलां में शुक्रवार अल सुबह मकान के अंदर रसोई में चाय बनाते समय गैस सिलिंडर फट गया। इस दर्दनाक हादसे में 25 वर्षीय युवती मनीषा की झुलसने से मौत हो गई। वहीं पूरा मकान ध्वस्त हो गया। जिस समय गैस सिलिंडर फटा, मनीषा मकान में अकेली थी।

    उसकी मां राजबाला सुबह सैर करने के लिए गई। उसके पिता जगमेंद्र पानीपत रिफाइनरी में काम करते हैं। आग लगने की सूचना पड़ोसियों ने दमकल विभाग को दी। स्वजनों का आरोप है, दमकल विभाग की गाड़ी भी काफी देर के बाद पहुंची। इस कारण आग से मकान के अंदर रखे फ्रिज, कूलर, बेड, एलईडी, अलमारी, जेवरात, कपड़े, रसोई का सामान सहित पूरा सामान जलकर राख हो गया।

    जबकि मकान की पूरी छत आग में जलने के कारण गिर गई। छत लकड़ी की कड़ियों की थी। स्वजनों ने बताया, शुक्रवार सुबह मनीषा की मां राजबाला तो सुबह सैर पर निकल गई। इसी दौरान मनीषा उठकर रसोई में जाकर जब चाय बनाने लगी। तभी अचानक गैस सिलिंडर में आग लग गई। इस दौरान मनीषा भी आगजनी में काफी झुलस गई।

    पड़ोसियों ने मनीषा को मकान से बाहर निकाला। मकान से दूसरे सिलिंडर को तो निकाल लिया गया। लेकिन जिस सिलिंडर में आग लगी हुई थी, उससे पूरे मकान में आग फैल गई। पूरे मकान में भयंकर आगजनी होने के कारण अचानक से सिलिंडर फट गया और पूरे मकान की छत को फाड़ दिया। झुलसी मनीषा को सफीदों के नागरिक अस्पताल में लाया गया।

    खबरें और भी

    जहां डॉक्टर ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत पानीपत के लिए रेफर किया। जब पानीपत से उसको रोहतक पीजीआइ रेफर किया गया तो, रास्ते में ही मनीषा ने दम तोड़ दिया। मनीषा के शव को सफीदों के नागरिक अस्पताल में लाया गया, जहां से उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए खानपुर मेडिकल रेफर किया गया। मनीषा के चचेरे भाई परमजीत ने बताया कि मनीषा ने अपनी ग्रेजुएट की पढ़ाई पूरी कर ली थी।

    सूचना मिलते ही सफीदों से तुरंत चल पड़े थे : दकमल विभाग कर्मी

    दमकल विभाग के कर्मचारी तेजवीर ने कहा कि जैसे उनके पास सूचना आई तो, वह सफीदों से तुरंत चल पड़े थे। उनकी गाड़ी की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैली में कोई ड्यूटी नहीं लगी हुई थी। इसके बाद उन्होंने पहुंचकर आग पर काबू पाया, ताकि किसी ओर मकान में नुकसान ना हो।