Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हरियाणा के जींद-सोनीपत ट्रैक पर दौड़ेगी देश की पहली स्वदेशी हाइड्रोजन ट्रेन, 24 जून से 120 किमी की रफ्तार से होगा ट्रायल

    Updated: Sun, 21 Jun 2026 10:37 PM (IST)

    तकनीकी परीक्षण के बाद हाइड्रोजन ट्रेन शकूरबस्ती से जींद लौट आई है। अब 24 जून से इसका 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हाई-स्पीड ट्रायल शुरू होगा, ...और पढ़ें

    तकनीकी परीक्षण के बाद जींद लौटी हाइड्रोजन ट्रेन, 24 जून से हाई-स्पीड ट्रायल।

    तकनीकी परीक्षण के बाद जींद लौटी हाइड्रोजन ट्रेन, 24 जून से हाई-स्पीड ट्रायल।

    HighLights

    1. हाइड्रोजन ट्रेन शकूरबस्ती से तकनीकी परीक्षण के बाद जींद लौटी।

    2. 24 जून से 120 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से परीक्षण होगा।

    3. आरडीएसओ की विशेषज्ञ टीम लखनऊ से जींद पहुंचेगी।

    जागरण संवाददाता, जींद। हाइड्रोजन ट्रेन करीब तीन सप्ताह बाद शकूरबस्ती से वापस जींद पहुंची है। शकूरबस्ती रेलवे वर्कशाप में हाइड्रोजन ट्रेन को तकनीकी परीक्षण के लिए ले जाया गया था।

    शकूरबस्ती से लौटने के बाद अब 24 जून से हाइड्रोजन ट्रेन का 120 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से परीक्षण किया जाएगा। इस परीक्षण के लिए रेलवे डिजाइन एवं मानक संगठन (आरडीएसओ) की विशेषज्ञ टीम लखनऊ से जींद पहुंचेगी।

    जो परीक्षण के दौरान हर तकनीकी पहलू की बारीकी से जांच करेगी। मुख्य संरक्षा आयुक्त भी जींद-सोनीपत ट्रैक पर चलने वाली देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का परीक्षण कर चुके हैं।

    पिछले माह रेलवे बोर्ड ने आरडीएसओ और मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त की रिपोर्ट व अंतिम गति प्रमाण पत्र के आधार पर अधिकतम 75 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से जींद-सोनीपत ट्रैक पर हाइड्रोजन ट्रेन को चलाने की अनुमति दी थी।

    वहीं, ट्रायल के दौरान हाइड्रोजन ट्रेन का 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाया गया था। रेलवे अधिकारियों के अनुसार शुरुआती परीक्षण के सकारात्मक परिणाम मिलने के बाद अब इसकी गति बढ़ाकर 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक ले जाई जाएगी। यह ट्रायल ट्रेन की कार्यक्षमता, सुरक्षा मानकों और विभिन्न परिस्थितियों में प्रदर्शन का आकलन करने के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।