Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    PM मोदी के जाने के 24 घंटे तक भी नहीं रह सकी सफाई, जींद में लगे कूड़े के ढेर

    Updated: Sat, 18 Jul 2026 03:30 PM (IST)

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जींद दौरे के बाद शहर की सफाई व्यवस्था फिर बिगड़ गई है। गोहाना रोड, जिसे दौरे से पहले चमकाया गया था, 24 घंटे के भीतर ही कू ...और पढ़ें

    PM मोदी के जाने के 24 घंटे तक भी नहीं रह सकी सफाई (जागरण फोटो)

    PM मोदी के जाने के 24 घंटे तक भी नहीं रह सकी सफाई (जागरण फोटो)


    HighLights

    1. पीएम मोदी के दौरे से पहले गोहाना रोड को चमकाया गया था।

    2. दौरे के 24 घंटे बाद ही सड़क पर फिर कूड़े के ढेर दिखे।

    3. नगर परिषद ने खुले में कूड़ा फेंकने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी दी।

    जागरण संवाददाता, जींद। आखिरकार वही हुआ, जिसका डर था। लोगों को भय सता रहा था कि यह सफाई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगमन को लेकर है। प्रधानमंत्री के जाने के बाद फिर सफाई व्यवस्था उसी ढर्रे पर आ जाएगी।

    प्रधानमंत्री को जींद से गए हुए 24 घंटे भी नहीं हुए हैं कि शहर के मुख्य मार्ग पर जगह-जगह गंदगी के ढेर नजर आ रहे हैं। ऐसा लग रहा है मानो लोग अपने घरों में कूड़ा जमा कर रहे थे और उन्होंने एकदम ही पूरा कूड़ा उठाकर सड़क पर डाल दिया।

    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आने से एक सप्ताह पहले से ही सफाई अभियान चल रहा था। सभी सफाई कर्मचारी सफाई में जुटे थे। पहले यह तय था कि प्रधानमंत्री गोहाना रोड से होते हुए रेलवे जंक्शन जाएंगे, इसलिए गोहाना रोड को पेरिस की तर्ज पर तैयार कर दिया। इस सड़क मार्ग पर जितनी भी रेहड़ियां थी, सभी हटवा दी थी। दुकानदारों द्वारा किया गया अतिक्रमण भी हटवा दिया था। नए बस स्टैंड से लेकर रेलवे जंक्शन तक यह सड़क मार्ग ऐसा नजर आ रहा था मानो इसे चौड़ा कर दिया हो।

    गंदगी का तो कहीं नामोनिशान तक नहीं था। प्रधानमंत्री के जाते ही रात को ही लोगों ने सड़क पर कूड़े के ढेर लगाने शुरू कर दिए। रेलवे जंक्शन से लेकर लघु सचिवालय के सामने तक पांच जगह कूड़े के ढेर लगे साफ दिखाई दे रहे हैं। इससे साफ है कि जींद के लोग सफाई व्यवस्था में विश्वास नहीं करते।

    प्रधानमंत्री ने कहा था, मेरे आने की जरूरत नहीं

    प्रधानमंत्री ने खुद अपने भाषण में कहा था कि लोगों को डर सता रहा कि यह सफाई प्रधानमंत्री के आने से हो रही है। उन्होंने कहा कि लोग समझदार हो चुके हैं, उनके आने की जरूरत नहीं, यह सफाई रखेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। स्वच्छता को लेकर प्रधानमंत्री ने विशेष बात कही थी ताकि लोग खुद भी जागरूक हों और सफाई रखें। शुक्रवार शाम को ही लोगों ने कूड़ा फेंकना शुरू कर दिया।

    खबरें और भी

    शहर की सफाई को लेकर लोगों ने कसे थे तंज

    एक सप्ताह पहले जब शहर में सफाई अभियान चल रहा था, उस समय लोगों ने काफी तंज कसे थे। लोगों का कहना था कि यह सफाई केवल दिखावा है। यह केवल प्रधानमंत्री को दिखाने के लिए किया जा रहा है।

    लोगों ने कहा था कि केवल गोहाना रोड को ही चमकाया जा रहा है। यदि लगातार सफाई रहे तो ही उसका फायदा है। लोगों की आशंका सही साबित हो गई। अब फिर शहर में कचरा नजर आने लगा।

    नगर परिषद की गाड़ी घर-घर जाकर कूड़ा लेकर आती है। हर किसी को सड़क पर कूड़ा फेंकने की बजाय नगर परिषद की गाड़ी को कूड़ा देना चाहिए। शहर में पूरी सफाई व्यवस्था है। इसे ऐसे ही कायम रखा जाएगा। जो लोग खुले में कूड़ा फेंकते मिले, उनके खिलाफ कार्रवाई भी की जा सकती है। -अनुराधा सैनी, चेयरपर्सन नगर परिषद