Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    12 साल में 18वीं बार हरियाणा आ रहे PM मोदी, दुल्हन की तरह सजा जींद; देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी

    Updated: Fri, 10 Jul 2026 03:10 PM (IST)

    प्रधानमंत्री मोदी 17 जुलाई को हरियाणा के जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। यह दौरा विकास परियोजनाओं और राजनीतिक रणनीतियों के स ...और पढ़ें

    राजनीतिक राजधानी जींद से विकास और राजनीति का नया अध्याय लिखेंगे मोदी।

    राजनीतिक राजधानी जींद से विकास और राजनीति का नया अध्याय लिखेंगे मोदी।

    HighLights

    1. प्रधानमंत्री मोदी 17 जुलाई को जींद में 18वीं बार हरियाणा आएंगे

    2. देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को जींद से हरी झंडी दिखाएंगे

    3. जींद से हरियाणा को मिलेंगी कई बड़ी विकास परियोजनाएं

    अनुराग अग्रवाल, चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 जुलाई को अपने लगभग 12 वर्षों के कार्यकाल में 18वीं बार हरियाणा आ रहे हैं। यह दौरा केवल सरकारी कार्यक्रमों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके गहरे राजनीतिक और रणनीतिक मायने हैं।

    हरियाणा की राजनीतिक राजधानी माने जाने वाले जींद से प्रधानमंत्री एक ओर देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर भारत के हरित भविष्य का संदेश देंगे, वहीं दूसरी ओर विकास परियोजनाओं की लंबी श्रृंखला के जरिए भाजपा के विकास एजेंडे को नई धार देने का प्रयास करेंगे। राजनीतिक विश्लेषकों की नजर में जींद का मंच हरियाणा ही नहीं, बल्कि उत्तर भारत की राजनीति के लिए भी अहम संकेत देने वाला साबित हो सकता है।

    हरियाणा की राजनीति में जींद की पहचान केवल एक जिले की नहीं, बल्कि सत्ता की दिशा तय करने वाली राजनीतिक धरती के रूप में रही है। प्रदेश के भौगोलिक केंद्र में स्थित होने के कारण यहां की राजनीतिक गतिविधियों का प्रभाव पूरे हरियाणा पर पड़ता है। वर्षों से राजनीतिक दल अपनी बड़ी रैलियों, जनआंदोलनों और चुनावी अभियानों की शुरुआत जींद से करते रहे हैं।

    चौधरी देवीलाल व ओमप्रकाश चौटाला के दौर में यह इलाका इनेलो का मजबूत गढ़ रहा, बाद में कांग्रेस ने यहां अपनी पकड़ बनाई और पिछले कुछ समय में भाजपा ने संगठनात्मक विस्तार के जरिए इस क्षेत्र में अपनी मजबूत राजनीतिक उपस्थिति दर्ज कराई। ऐसे में प्रधानमंत्री का जींद को चुनना महज संयोग नहीं, बल्कि एक सोची-समझी राजनीतिक रणनीति माना जा रहा है।

    प्रधानमंत्री मोदी का हरियाणा से रिश्ता भी विशेष रहा है। प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार बनने के बाद वर्ष 2013 में उनकी पहली बड़ी चुनावी रैली सैनिक बाहुल्य रेवाड़ी में हुई थी। उसी रैली से राष्ट्रीय चुनाव अभियान का शंखनाद हुआ था। इसके बाद हरियाणा उनके राजनीतिक और विकास एजेंडे का महत्वपूर्ण केंद्र बना रहा।

    खबरें और भी

    भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में हरियाणा के प्रभारी के रूप में काम कर चुके मोदी का राज्य के साथ संगठनात्मक जुड़ाव भी पुराना है। यही कारण है कि उनका हरियाणा दौरा हमेशा राजनीतिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है।

    इस बार जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को रवाना किया जाएगा, जो उस दिन जींद से सोनीपत तक चलेगी। यह परियोजना भारतीय रेलवे के हरित ऊर्जा अभियान का प्रतीक मानी जा रही है। यदि प्रधानमंत्री बच्चों के साथ ट्रेन में यात्रा और संवाद करते हैं, तो यह कार्यक्रम तकनीकी उपलब्धि के साथ सामाजिक संदेश का भी माध्यम बनेगा। विकसित भारत-2047 के विजन में स्वच्छ ऊर्जा और आधुनिक परिवहन को प्रमुख आधार माना गया है और यह परियोजना उसी दिशा में एक बड़ा कदम है।

    सरकार और संगठन के समन्वय का प्रतीक बनेगा मोदी का दौरा

    राजनीतिक दृष्टि से भी यह दौरा कई संदेश समेटे हुए है। हरियाणा में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के बाद भाजपा अब संगठन को नए सिरे से मजबूत करने में जुटी है। प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता के कार्यकाल में प्रधानमंत्री का यह पहला दौरा होगा।

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तैयारियों की स्वयं समीक्षा कर चुके हैं, जबकि प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया संगठनात्मक जिम्मेदारियों को अंतिम रूप देने में लगे हैं। ऐसे में यह कार्यक्रम सरकार और संगठन के समन्वय का शक्ति प्रदर्शन भी माना जा रहा है।

    जींद रैली के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का मिलेगा संदेश

    भाजपा ने प्रधानमंत्री की जींद रैली को पर्यावरण संरक्षण के संदेश से भी जोड़ा है। पार्टी का दावा है कि बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और लोगों को ई-वाहनों के माध्यम से कार्यक्रम स्थल तक लाया जाएगा। देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन और इको-फ्रेंडली रैली के जरिए भाजपा विकास और पर्यावरण को साथ लेकर चलने का संदेश देना चाहती है।

    जींद से प्रधानमंत्री का संबोधन केवल हरियाणा तक सीमित नहीं रहेगा। हरित तकनीक, आधुनिक आधारभूत ढांचे, स्वास्थ्य, सड़क और रेलवे परियोजनाओं के माध्यम से केंद्र सरकार राष्ट्रीय स्तर पर विकास आधारित राजनीति के अपने माडल को और मजबूत करने का प्रयास करेगी।

    हरियाणा को मिलेंगी ये बड़ी सौगातें

    • देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का जींद से शुभारंभ।
    • भिवानी और नारनौल के मेडिकल कालेजों का उद्घाटन।
    • कुरुक्षेत्र में 10 किलोमीटर एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का शुभारंभ।
    • कालाअंब ग्रीनफील्ड फोरलेन कारिडोर विस्तार की शुरुआत।
    • दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे के हरियाणा खंड का उद्घाटन।
    • जींद-गोहाना एनएच-352ए, हांसी-बरवाला फोरलेन तथा बीकानेर-सिवानी-सोनीपत सड़क परियोजनाओं का विस्तार।
    • कुरुक्षेत्र में अत्याधुनिक सिख संग्रहालय का शिलान्यास।