Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जींद के युवक की इंग्लैंड में मौत, 4 साल पहले स्टडी वीजा पर गया था विदेश; परिजनों ने शव लाने की लगाई गुहार

    Updated: Thu, 23 Jul 2026 09:12 PM (IST)

    सफीदों के धर्मगढ़ बोहली गांव के गुरकीरत सिंह (23) की इंग्लैंड के वार्सेस्टर शहर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसका शव पार्क में मिला। ...और पढ़ें

    जींद के युवक की इंग्लैंड में मौत, पुलिस ने नहीं दिखाया शव।

    जींद के युवक की इंग्लैंड में मौत, पुलिस ने नहीं दिखाया शव।

    HighLights

    1. गुरकीरत सिंह की इंग्लैंड के वार्सेस्टर में संदिग्ध मौत

    2. पार्क में मिला शव, पुलिस ने कारण नहीं बताया

    3. स्वजनों ने पार्थिव शरीर भारत लाने की अपील की

    संवाद सूत्र, सफीदों। गांव धर्मगढ़ बोहली के गुरकीरत सिंह (23) की इंग्लैंड के वार्सेस्टर शहर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बुधवार को उसका शव पार्क में मिला। स्वजन को मौत की सूचना बुधवार शाम चार बजे मिली। गुरकीरत चार साल पहले स्टडी वीजा पर इंग्लैंड गया था। उसने दिसंबर 2025 में आईआईटी की डिग्री प्राप्त की थी। फिलहाल वहीं पर सरकारी नौकरी की तैयारी में था।

    अगले साल जनवरी में उसे छुट्टी आना था। गुरकीरत पढ़ाई के साथ एक कंपनी में पार्टटाइम नौकरी भी करता था। रोजाना की तरह ड्यूटी के बाद पास के ही पार्क में टहलने जाता था और फिर अपने कमरे पर लौट आता था। घटना वाले दिन भी वह ड्यूटी खत्म कर पार्क में गया, लेकिन वापस नहीं लौटा।

    जब देर रात तक वह नहीं पहुंचा तो रूममेट को चिंता हुई। काफी तलाश के बाद अगली सुबह उसका शव उसी पार्क में मिला। इसके बाद स्थानीय प्रशासन को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच की। हालांकि, अभी तक उसकी मौत के कारणों का पता नहीं लग पाया है।

    गुरकीरत के पिता सतनाम सिंह आर्मी में हवलदार के पद पर करीब तीन साल अपनी सेवा देने के बाद रोडवेज में कंडक्टर हैं। वहीं, ताऊ लखविंदर सिंह आर्मी में सूबेदार व चाचा कश्मीर सिंह आर्मी में कांस्टेबल के पद से सेवानिवृत्त हैं। गुरकीरत सिंह दो भाइयों में बड़ा था।

    खबरें और भी

    उसका दादा बेअंत सिंह किसान है। मां नरेंद्र कौर गृहिणी हैं। स्वजन ने प्रधानमंत्री, विदेश मंत्री, गृहमंत्री, मुख्यमंत्री से उनके बेटे के पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने की गुहार लगाई है। समाजसेवियों से भी सहयोग मांगा है, ताकि बेटे के अंतिम दर्शन कर सकें और अपने हाथों से उसका अंतिम संस्कार कर सकें।

    ताऊ के बेटे को पुलिस ने नहीं देखने दिया शव

    स्वजन ने बताया कि इंग्लैंड पुलिस ने गुरकीरत का शव नहीं दिखाया है। उन्हें भी मौत के कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सके हैं। इंग्लैंड में ही गुरकीरत के ताऊ का बेटा नवदीप सिंह व उसकी भाभी रहते हैं। वे उससे मिलने गए थे, लेकिन इंग्लैंड पुलिस ने उन्हें भी शव को नहीं देखने दिया।