Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कैथल के खिलाड़ियों से वादाखिलाफी, 3 साल से अटका नकद इनाम और स्कॉलरशिप; 1350 से अधिक आवेदन पेंडिंग

    Updated: Mon, 03 Aug 2026 03:39 PM (GMT+05:30)

    कैथल के खिलाड़ियों को पिछले तीन सालों से नकद इनाम और छात्रवृत्ति नहीं मिल रही है, जिससे करीब 350 नकद इनाम और 1000 से अधिक छात्रवृत्ति आवेदन लंबित हैं। ...और पढ़ें

    कैथल के खिलाड़ियों से वादाखिलाफी (फोटो: जागरण)

    कैथल के खिलाड़ियों से वादाखिलाफी (फोटो: जागरण)

    HighLights

    1. तीन साल से खिलाड़ियों के नकद इनाम, छात्रवृत्ति अटके।

    2. कैथल में 350 नकद इनाम, 1000 से अधिक छात्रवृत्ति आवेदन लंबित।

    3. बजट की कमी से खिलाड़ी परेशान, मुख्यालय से फंड अपेक्षित।

    जागरण संवाददाता, कैथल। खेल विभाग की तरफ से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता खिलाड़ियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जाता है। खिलाड़ियों को हर साल नकद इनाम और छात्रवृत्ति की राशि दी जाती है।

    अब करीब तीन सालों से खिलाड़ियों को नकद इनाम की राशि नहीं मिल रही है। विभाग के पास साल 2023, 24 और 25 के आवेदन गए हुए हैं, लेकिन अभी तक बजट नहीं आया है। इस साल से यह आवेदन करने के लिए आनलाइन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। खिलाड़ी आनलाइन आवेदन भी कर रहे हैं।

    जिला खेल विभाग की तरफ से विभाग की तरफ से आवेदन मुख्यालय के पास भेजे हुए हैं, लेकिन बजट नहीं मिला है। विभाग के पास आने वाले आवेदनों की जांच के लिए कमेटी बनाई हुई है, जिसमें जिला अधिकारी भी शामिल हैं। राशि ना आने के कारण खिलाड़ी खेल विभाग के चक्कर लगा रहे हैं।

    नकद इनाम के करीब 350 आवेदन अटके हुए हैं। इसी प्रकार छात्रवृत्ति के भी दो सालों में करीब एक हजार आवेदन अटके हुए हैं। खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर पदक के हिसाब से राशि दी जाती है।

    बता दें कि कुछ दिन पहले ही पंचकूला में आयोजित उत्कृष्ट खिलाड़ी सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने प्रदेश भर के खिलाड़ियों को नकद इनाम देकर सम्मानित किया था। कैथल के छह खिलाड़ियों को भी यहां सम्मानित किया गया।

    इनमें एक खिलाड़ी पैरा तीरंदाजी और पांच खिलाड़ी बाक्सिंग के शामिल थे। सभी खिलाड़ियों को खेल उपलब्धियों के आधार पर 75 लाख 25 हजार रुपये मिलने हैं। इनमें से भी दो खिलाड़ियों को यह राशि नहीं मिल पाई है।

    सरकार की तरफ से सबसे ज्यादा ओलिंपिक और पैरालिंपिक खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को नकद इनाम की राशि दी जाती है। स्वर्ण जीतने वाले को छह करोड़, रजत वाले को चार करोड़, कांस्य वाले काे ढाई करोड़ और भाग लेने वाले हर खिलाड़ी को 15 लाख रुपये दिए जाते हैं।

    खबरें और भी

    इसी तरह एशियन और पैरा एशियन में स्वर्ण के तीन करोड़, रजत के डेढ़ करोड़, कांस्य के 75 लाख और भाग लेने वाले हर खिलाड़ी को साढ़े सात लाख रुपये दिए जाते हैं। इनके अलावा भी अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर पदक के हिसाब से खिलाड़ियों को पैसे मिलते हैं।

    इस राशि से खिलाड़ी अपने खेल में सुधार कर सकते हैं। नकद इनाम जीतने वाले खिलाड़ी जरूरतमंद परिवारों का सहारा भी बन जाते हैं। ऐसे खिलाड़ी खेलों के दम पर पदक जीत कर अपने परिवार के लिए भी सहयोग करते हैं। वहीं खिलाड़ियों को पदक के हिसाब से 42 हजार रुपये से लेकर 84 हजार रुपये की राशि छात्रवृत्ति की मिलती है।

    जिला खेल अधिकारी राजरानी ने कहा कि नकद इनाम और छात्रवृत्ति से संबंधित जो भी आवेदन विभाग के पास आते हैं उन्हें मुख्यालय के पास भेज दिया जाता है। मुख्यालय की तरफ से ही नकद इनाम और छात्रवृत्ति की राशि जारी की जानी है।