यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 08, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Haryana News: नई अनाज मंडी में पहुंची एक साथ ये तीन फसल, खरीद एजेंसियों ने लिए सैंपल; जांच में निकला ये रिजल्ट
कैथल की नई और अतिरिक्त अनाज मंडी में गेहूं की पांच ढेरी पहुंची। खरीद एजेंसियों की टीम ने सैंपल लिए। ...और पढ़ें

HighLights
- शहर की नई व अतिरिक्त अनाज मंडी में पहुंची गेहूं की पांच ढेरी, खरीद एजेंसियों ने लिए सैंपल।
- 15 प्रतिशत से ज्यादा मिली नमी, इसलिए नहीं हो पाई खरीद, 12 प्रतिशत से कम होनी चाहिए नमी।
- खेतों में कंबाइन से गेहूं की कटाई का कार्य हुआ शुरू, 15 अप्रैल के बाद बढ़ेगी आवक।
जागरण संवाददाता, कैथल। (Haryana Farmers News Hindi) शहर की नई व अतिरिक्त अनाज मंडी (Anaj Mandi) में एक साथ तीन फसल पहुंचने लगी हैं। छह महीने से धान की आवक तो बदस्तूर जारी है तो सरसों की ढेरी भी खूब आ रही है। अब मंडी गेहूं की आवक भी शुरू हो गई है। सोमवार को नई अनाज मंडी में गेहूं की एक व अतिरिक्त अनाज मंडी में चार ढेरी पहुंची है।
गेहूं की आवक शुरू होने के बाद मार्केट कमेटी ने खरीद एजेंसियों की टीम के साथ निरीक्षण किया। जब ढेरियों में नमी की मात्रा को जांचा गया तो 15 प्रतिशत से ज्यादा मिली। जबकि नियम अनुसार 12 प्रतिशत या इससे कम होनी चाहिए। नमी ज्यादा होने के कारण पहले दिन गेहूं की खरीद नहीं हो पाई। खरीद एजेंसियों ने किसानों से गेहूं की फसल सुखा कर मंडियों में लाने की अपील की है। गेहूं सीजन में हैफेड, फूड सप्लाई, एफसीआइ सहित चार खरीद एजेंसियां गेहूं की खरीद करेंगी।
कंबाइन से कटवाई है गेहूं की फसल-निर्मल
गांव कठवाड़ निवासी किसान निर्मल सिंह ने बताया कि दो एकड़ में गेहूं की फसल की कटाई की है। साथ लगते खेतों में कंबाइन चल रही थी। फसल पक्की हुई नजर आ रही थी, इसलिए कटवा ली, लेकिन मंडी में आने के बाद पता चला कि इसमें नमी ज्यादा है। 15 प्रतिशत नमी बताई जा रही है।

अब फसल को बेचने के लिए इंतजार करना पड़ेगा। किसान नरेश ने बताया कि दो एकड़ में गेहूं की फसल कटवाई है। मंडी में लेकर आया तो इसमें नमी ज्यादा बताई जा रही है। फसल बिकी नहीं है। अतिरिक्त अनाज मंडी, नई अनाज मंडी व पुरानी अनाज मंडी में 12 लाख क्विंटल गेहूं की आवक होती है।
मंडी में सरसों व धान की आवक जारी
नई अनाज मंडी में गेहूं के इस सीजन में अब भी धान की आवक जारी है। आढ़तियों ने मार्केट कमेटी के अधिकारियों से धान की फसल रोकने की मांग की है, ताकि गेहूं का सीजन सुचारू रूप से चल सकें। बता दें कि कैथल अनाज मंडी में वर्षभर धान की आवक चलती है।
कैथल (Kaithal News) के साथ-साथ दूसरे प्रांतों से भी किसान यहां धान बेचने के लिए आते हैं। वहीं इन दिनों सरसों की आवक भी मंडियों में हो रही है। अब आढ़तियों के माध्यम से सरसों की खरीद की जा रही है। आढ़तियों ने एक से पांच अप्रैल तक इस मांग को लेकर मार्केट कमेटी कार्यालय में धरना दिया था।
पहले दिन पहुंची पांच ढेरी-सचिव
मार्केट कमेटी सचिव बसाऊ राम ने बताया कि नई व अतिरिक्त अनाज मंडी में पांच ढेरी गेहूं की आई हैं। गेहूं की ढेरियों के सैंपल लिए गए हैं, इनमें 15 प्रतिशत से ज्यादा नमी है, जबकि 12 प्रतिशत से कम नमी होनी चाहिए। किसानों (Farmers News) से अपील की जा रही है मंडी में फसल को सुखा कर लेकर आएं ताकि अच्छे भाव मिल सके।