Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मुंह पर काली पट्टी बांध और हाथ में टूटे ताले लेकर थाने पहुंचे व्यापारी, करनाल के घरौंडा में चोरों के आतंक से परेशान लोग

    Updated: Tue, 28 Jul 2026 03:10 PM (IST)

    घरौंडा में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों से नाराज दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। ...और पढ़ें

    मुंह पर काली पट्टी बांध और हाथ में टूटे ताले लेकर थाने पहुंचे व्यापारी (फोटो: जागरण)

    मुंह पर काली पट्टी बांध और हाथ में टूटे ताले लेकर थाने पहुंचे व्यापारी (फोटो: जागरण)

    HighLights

    1. दुकानदारों ने चोरी की बढ़ती वारदातों पर विरोध प्रदर्शन किया।

    2. मुंह पर काली पट्टी बांधकर, टूटे ताले लेकर थाने पहुंचे।

    3. पुलिस ने जल्द कार्रवाई और प्रभावी गश्त का आश्वासन दिया।

    जागरण संवाददाता, घरौंडा। शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों से नाराज दुकानदारों और शहरवासियों का गुस्सा मंगलवार को खुलकर सामने आया। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन करते हुए मुंह पर काली पट्टी बांधी और अपनी दुकानों से चोरी के दौरान टूटे हुए ताले हाथों में लेकर घरौंडा पुलिस थाने पहुंचे।

    इस दौरान उन्होंने नारेबाजी कर पुलिस प्रशासन से शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चोरी की घटनाओं पर शीघ्र अंकुश लगाने की मांग की। प्रदर्शनकारी दुकानदारों का आरोप था कि पिछले करीब दो महीनों के दौरान शहर में 30 से अधिक दुकानों में चोरी की वारदातें हो चुकी हैं।

    कई बार चोर एक ही रात में आठ से दस दुकानों को अपना निशाना बना लेते हैं, जिससे व्यापारियों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। उनका कहना था कि इन चोरी की घटनाओं में लाखों रुपये की नकदी और सामान चोरी हो चुका है, जिससे छोटे व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

    news (15)

    व्यापारियों ने बताया कि चोरी की अधिकांश घटनाओं की सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध कराई जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक किसी भी बड़े गिरोह या आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायतें देने के बाद भी कार्रवाई अपेक्षित गति से नहीं हो रही है, जिससे चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं।

    खबरें और भी

    दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि शहर में रात्रि गश्त को प्रभावी बनाया जाए, संवेदनशील बाजारों में नियमित पेट्रोलिंग की जाए तथा सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देने वाले संदिग्ध लोगों की पहचान कर उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए।

    साथ ही शहर में घूम रहे नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की भी मांग की गई। उनका कहना था कि ऐसे तत्व चोरी जैसी घटनाओं को बढ़ावा दे रहे हैं और व्यापारियों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं।

    प्रदर्शन के दौरान पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। सब इंस्पेक्टर मंजीत सिंह ने कहा कि पुलिस द्वारा प्रतिदिन शहर में नियमित गश्त की जा रही है।

    चोरी की घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए सभी मामलों की जांच सीआईए को सौंप दी गई है और पुलिस विभिन्न तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जल्द ही चोरी की घटनाओं का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

    उन्होंने यह भी कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है और उनकी मांग के अनुरूप शहर में पुलिस गश्त को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हुआ, हालांकि व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द चोर गिरफ्तार नहीं हुए और चोरी की घटनाओं पर रोक नहीं लगी तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।