हरियाणा में गर्मी का कहर, करनाल में 39.8 डिग्री पार पहुंचा तापमान; लोगों के लिए एडवाइजरी जारी
करनाल में गर्मी ने अचानक रफ्तार पकड़ी है, पारा 39.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो एक सप्ताह में 10 डिग्री बढ़ा है। मौसम विभाग ने अगले 4-5 दिनों ...और पढ़ें

करनाल में 39.8 डिग्री पार पहुंचा तापमान (जागरण फाइल फोटो)
HighLights
करनाल में तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस पहुंचा, एक सप्ताह में 10 डिग्री बढ़ा
अगले 4-5 दिनों में पारा 40 डिग्री या उससे अधिक होने की संभावना
हीटवेव नहीं, पर दोपहर में बाहर निकलने से बचें, पानी खूब पिएं
जागरण संवाददाता, करनाल। अप्रैल के शुरुआती दिनों की सुहावनी ठंडक अब बीते दिनों की बात हो गई है। करनाल में गर्मी ने अचानक रफ्तार पकड़ ली है और तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। महज एक सप्ताह के भीतर करीब 10.0 डिग्री की बढ़ोतरी ने लोगों को झुलसाने का काम शुरू कर दिया है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले 24 घंटों में गर्मी और अधिक तेज हो सकती है, जिससे दिन के समय बाहर निकलना मुश्किल हो सकता है। गौरतलब है कि अप्रैल की शुरुआत बेहद राहतभरी रही। एक से 12 अप्रैल तक मौसम अपेक्षाकृत ठंडा और सुहावना बना रहा।
इस दौरान तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। इसका मुख्य कारण लगातार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और उत्तरी मैदानी इलाकों में बने चक्रवाती परिसंचरण रहे, जिनसे बीच-बीच में बारिश होती रही। तेज हवाओं ने भी गर्मी को बढ़ने से रोके रखा, जिससे लोगों को राहत मिली।
अब बदली हवाओं की चाल, बढ़ेगा तापमान
अब मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। पश्चिमी विक्षोभ का असर कमजोर पड़ते ही तापमान में उछाल देखने को मिल रहा है। 16 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में सक्रिय होगा, जिसका असर 20 अप्रैल तक मुख्य रूप से पहाड़ी इलाकों तक सीमित रहेगा।
खबरें और भी
हालांकि 19 और 20 अप्रैल को मैदानी क्षेत्रों में हल्के बदलाव संभव हैं। हवाओं की दिशा में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उनकी गति धीमी पड़ सकती है। आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे, लेकिन धूप की तीव्रता बनी रहेगी। ऐसे में अगले 4 से 5 दिनों के दौरान तापमान 40 डिग्री या उससे अधिक तक पहुंचने की पूरी संभावना है।
हीटवेव नहीं, लेकिन सतर्कता जरूरी
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल हीटवेव जैसी स्थिति बनने की संभावना नहीं है, लेकिन तापमान सामान्य से ऊपर बना रहेगा। हीटवेव तब मानी जाती है जब तापमान 40 डिग्री से ऊपर पहुंचने के साथ सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक हो।
अभी ऐसी स्थिति नहीं बन रही, लेकिन गर्मी का असर स्पष्ट रूप से महसूस किया जा रहा है। दोपहर के समय नमी का स्तर लगभग 20 प्रतिशत रहने की संभावना है, जिससे गर्मी शुष्क बनी रहेगी। यह स्थिति शरीर के लिए अपेक्षाकृत कम असहज हो सकती है, लेकिन लगातार धूप में रहने से डिहाइड्रेशन और थकान का खतरा बना रहेगा।
विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी
तेजी से बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। दोपहर 12 से 3 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें, हल्के और सूती कपड़े पहनें, पर्याप्त पानी पिएं और धूप में निकलते समय सिर को ढककर रखें। करनाल में गर्मी की यह तेज दस्तक आने वाले दिनों में और तीखी हो सकती है, ऐसे में जरूरी है कि लोग समय रहते खुद को सुरक्षित रखें और मौसम के इस बदलते मिजाज के साथ तालमेल बैठाएं।