करनाल बीरू वाल्मीकि हत्याकांड में परिजनों का शव लेने से इनकार, पत्नी बोली- मेहंदी भी नहीं सूखी, खून के बदले खून चाहिए
बीरू वाल्मीकि की हत्या के मामले में शूटर समाना ने इंस्टाग्राम पर बहस को वजह बताया है, जबकि दो अन्य गैंग ने भी जिम्मेदारी ली है। ...और पढ़ें

इंस्टाग्राम बहस बनी बीरू की मौत का कारण, परिवार ने मांगा न्याय।
HighLights
इंस्टाग्राम पर बहस के बाद बीरू वाल्मीकि की हत्या।
परिवार ने आरोपितों के एनकाउंटर की मांग की, धरना।
पुलिस की पांच टीमें जांच में जुटी, दो हिरासत में।
जागरण संवाददाता, करनाल। भगवाड़िया गैस एजेंसी के समीप बुधवार रात को बीरू वाल्मीकि की हत्या के मामले में शूटर समाना नाम से युवक ने सोशल मीडिया पर हत्या की जिम्मेदारी ली है। इसमें कहा गया है कि इंस्टाग्राम पर बहस के कारण ही बीरू वाल्मीकि की हत्या की गई है।
वहीं, एक अन्य पोस्ट में दो अलग-अलग गैंग के बदमाशों ने भी इसकी जिम्मेदारी ली है। वहीं, आरोपितों की एंकाउंटर की मांग को लेकर परिवार ने आंबेडकर चौक पर एक घंटे तक धरना दिया। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया। विधायक जगमोहन आनंद व डीएसपी संदीप कुमार भी स्वजनों को मनाने में कामयाब नहीं हुए। इधर, पुलिस की पांच टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी हैं।

सुबह काफी संख्या में समाज के लोग मार्चरी हाउस के बाहर जमा हुए। यहां पर सभी ने हत्या को लेकर रोष जाहिर किया और आरोपितों की एंकाउंटर की मांग रखी। विधायक जगमोहन आनंद व डीएसपी संदीप कुमार परिजनों को पोस्टमार्टम के लिए मनाते रहे, लेकिन स्वजन पहले गिरफ्तारी पर अड़ गए।

दोपहर बाद पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव लेने से मना कर दिया और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर प्रदर्शन किया। विरोध करते हुए समाज के लोग आंबेडकर चौक तक पहुंच गए और एक घंटे पुलिस के खिलाफ रोष जाहिर किया।
खबरें और भी

पुलिस ने शुक्रवार तक स्वजन को आश्वासन दिया है कि जल्द आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा। दो आरोपितों को हिरासत में लेने की भी बात कही गई है। स्वजन की शिकायत पर पुलिस ने वंश, योगेश, कुनाल, निंजा, संजय, जैन, नैनसी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया हुआ है।
रोते हुए पत्नी बोली- खून के बदले खून चाहिए
बीरू वाल्मीकि की सात महीने पहले ममता से शादी हुई थी। अभी उसके हाथों की मेहंदी भी नहीं सूखी थी कि उसका सुहाग उजड़ गया। हाथों में मेहंदी लगाए और जूड़ा पहने ही पत्नी धरने पर बैठी। पत्नी ने कहा कि बीरू हरिद्वार जाने की बात कह रहा था, भगवान उसे सच में ही ले गया।

ममता का कहना है कि हमें खून के बदले खून चाहिए। जब तक बदमाशों का इंकाउंटर नहीं होता वे शव नहीं उठाएंगे। उसका दावा है कि उसके पति को एक महीने से जान से मारने की धमकी मिल रही थी। पत्नी ने कहा कि उसका पति काफी देर तक मौके पर तड़पता रहा।
चार बहनों का इकलौता भाई था बीरु
स्वजन के अनुसार बीरू चार बहनों का इकलौता भाई था। वारदात से पहले वह अपनी बहने के घर ही जा रहा था। घर से वह करीब 200 मीटर की दूरी पर ही पहुंचा था कि बदमाशों ने वारदात को अंजाम दे दिया। इससे साफ है कि बदमाश ने रेकी कर हत्या की।

सीआए सहित पांच टीमें मामले की जांच कर रही है। जल्द ही आरोपितों को पकड़ लिया जाएगा। स्वजन को समझा दिया गया है। स्वजन की शिकायत पर सात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। -संदीप कुमार, डीएसपी हेड क्वार्टर करनाल।