हरियाणा का हर गांव बनेगा मॉडल, मनोहर लाल का बड़ा एलान; 40 गांवों से शुरू होगी विकास की नई तस्वीर
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने करनाल में ग्रामीण विकास के लिए 40 गांवों को मॉडल के रूप में विकसित करने का रोडमैप प्रस्तुत किया। ...और पढ़ें
-1777650865976_m.webp)
मनोहर लाल का बड़ा एलान। फाइल फोटो
HighLights
40 गांवों को मॉडल बनाने का रोडमैप प्रस्तुत।
पंचायतों की आय बढ़ाने पर विशेष चर्चा हुई।
बुनियादी सुविधाओं पर रहेगा विशेष फोकस।
जागरण संवाददाता, करनाल। ग्रामीण विकास को नई गति देने के उद्देश्य से केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने करनाल प्रवास के दौरान बड़ा रोडमैप प्रस्तुत किया। पायलट प्रोजेक्ट के तहत जिले के 40 गांवों को माडल गांव के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रशासनिक अधिकारियों, सरपंचों और गांव के मौजिज व्यक्तियों के साथ अलग-अलग तीन अहम बैठकें आयोजित की गईं।
इन बैठकों में केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के साथ पंचायतों की आय बढ़ाने के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मनोहर लाल ने स्पष्ट किया कि ग्राम पंचायतों को विकास कार्यों के लिए बजट की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के अलावा सांसद निधि, विधायक निधि और सीएसआर फंड के माध्यम से भी संसाधन उपलब्ध करवाए जाएंगे, ताकि अगले पांच वर्षों में गांवों की मूलभूत जरूरतें पूरी की जा सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शी, समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ हो।
बैठक में विकास कार्यों की प्रगति का आंकलन
समीक्षा बैठक में जहां चल रहे कार्यों की प्रगति का आकलन किया गया, वहीं जो परियोजनाएं शुरू नहीं हो पाई हैं, उनकी बाधाओं को भी चिन्हित कर समाधान के निर्देश दिए गए। उन्होंने पंचायतों को अपना वार्षिक बजट तैयार करने और संसाधनों के बेहतर प्रबंधन पर जोर दिया।
खबरें और भी
बुनियादी सुविधाओं पर रहेगा विशेष फोकस
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि चयनित 40 गांवों में ग्राम सचिवालय, व्यायामशाला, शिवधाम, फिरनी, स्ट्रीट लाइट, स्कूलों में अतिरिक्त कमरे, चारदीवारी, शौचालय, ई-लाइब्रेरी, तालाब और सीवरेज जैसी सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि जो विकास कार्य पूरे हो चुके हैं, उनकी नियमित निगरानी और समय पर मरम्मत भी की जाए। उन्होंने कहा कि आबादी बढ़ने के साथ गांवों में सुविधाओं की जरूरत भी बढ़ती है।
सरकार बजट उपलब्ध कराएगी, लेकिन जहां जमीन की आवश्यकता होगी, उसकी व्यवस्था ग्राम पंचायतों को करनी होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पायलट प्रोजेक्ट के बाद जिले की सभी लगभग 395 ग्राम पंचायतों में इन सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
विकसित भारत–विकसित हरियाणा का लक्ष्य
मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-विकसित हरियाणा के संकल्प को साकार करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे, यही प्राथमिकता है और कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे।
बैठक में रहे कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद
बैठक में राज्यसभा सदस्य संजय भाटिया, हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण, नीलोखेड़ी विधायक भगवानदास कबीरपंथी, करनाल विधायक जगमोहन आनंद, असंध विधायक योगेंद्र राणा, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रवीन लाठन, डीसी डा. आनंद कुमार शर्मा और जिला परिषद सीईओ अमित कुमार सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।