Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    करनाल में पुलिस चौकी के पास शिव मंदिर में चोरी, लाखों के चांदी के आभूषण ले उड़े बदमाश

    Updated: Mon, 03 Aug 2026 10:59 PM (IST)

    करनाल के सेक्टर-9 स्थित श्री शिव सनातन मंदिर में चोरों ने लाखों रुपये के चांदी के आभूषण चुरा लिए। पुलिस चौकी से चंद कदम दूर हुई इस वारदात में चोरों ने ...और पढ़ें

    पुलिस चौकी से चंद कदम दूर शिव मंदिर में चोरी।

    पुलिस चौकी से चंद कदम दूर शिव मंदिर में चोरी।

    HighLights

    1. सेक्टर-9 शिव मंदिर से लाखों के चांदी के आभूषण चोरी

    2. चोरों ने चौकीदार को कमरे में बाहर से बंद किया

    3. सीसीटीवी कैमरे तोड़े और डीवीआर भी साथ ले गए

    जागरण संवाददाता, करनाल। शहर में चोरों का दुस्साहस बढ़ता जा रहा है। सेक्टर-9 पुलिस चौकी से महज दस कदम की दूरी पर स्थित श्री शिव सनातन मंदिर को चोरों ने निशाना बना लिया। बदमाश मंदिर से लाखों रुपये मूल्य के चांदी के धार्मिक आभूषण चोरी कर ले गए।

    वारदात के दौरान उन्होंने मंदिर के चौकीदार को उसके कमरे में बाहर से बंद कर दिया, सीसीटीवी कैमरे क्षतिग्रस्त कर दिए और पहचान छिपाने के लिए डीवीआर भी अपने साथ ले गए। घटना का पता सोमवार तड़के उस समय चला, जब सावन के पहले सोमवार पर एक महिला शिवलिंग पर जल चढ़ाने के लिए मंदिर पहुंची।

    उसने चौकीदार के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद देखा और कुंडी खोलकर उसे बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

    जुखाम के कारण सो गया था चौकीदार

    मंदिर के चौकीदार राम विलास ने बताया कि वह रात करीब डेढ़ बजे तक जाग रहा था। जुखाम होने के कारण वह कुछ देर आराम करने के लिए कमरे में लेट गया और उसे नींद आ गई। इसी दौरान चोर मंदिर परिसर में घुस आए। उन्होंने मंदिर समिति के कार्यालय के एक दरवाजे का ताला तोड़ने के बाद खिड़की के रास्ते अंदर प्रवेश किया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

    खबरें और भी

    चोर भगवान की मूर्तियों पर चढ़े सात-आठ चांदी के मुकुट, एक चांदी का छत्र, शेषनाग सहित अन्य कीमती धार्मिक आभूषण अपने साथ ले गए। जिनकी अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है।

    राम विलास ने बताया कि जब वह तड़के करीब तीन बजे उठा तो उसके कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। लगभग एक घंटे बाद मंदिर पहुंची एक महिला ने उसकी आवाज सुनकर दरवाजा खोला, जिसके बाद चोरी की जानकारी सामने आई।

    श्रद्धालुओं में रोष, पुलिस पर उठे सवाल

    मंदिर में सावन के पहले सोमवार को हुई चोरी से श्रद्धालुओं में भारी नाराजगी है। स्थानीय निवासी पवन शर्मा सहित अन्य लोगों का कहना है कि पुलिस चौकी के इतने निकट स्थित मंदिर में चोरी होना कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

    उनका कहना है कि बदमाशों ने न केवल चोरी की, बल्कि सीसीटीवी कैमरे तोड़कर डीवीआर भी साथ ले गए, जिससे उनकी पहचान न हो सके। लोगों ने पुलिस से जल्द आरोपितों की गिरफ्तारी और मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।