Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कुरुक्षेत्र में दंपती ने तीन वर्षीय बेटी संग की आत्महत्या, डायरी में लिखी हैरान करने वाली वजह

    Updated: Mon, 20 Apr 2026 09:16 PM (IST)

    कुरुक्षेत्र में एक दंपती ने अपनी तीन वर्षीय बेटी के साथ आत्महत्या कर ली। पुलिस को एक डायरी मिली है जिसमें बेटी की बीमारी से उपजे तनाव का जिक्र है। ...और पढ़ें

    कुरुक्षेत्र में दंपती ने तीन वर्षीय बेटी संग की आत्महत्या।

    कुरुक्षेत्र में दंपती ने तीन वर्षीय बेटी संग की आत्महत्या।

    HighLights

    1. कुरुक्षेत्र में दंपती ने बेटी के साथ फांसी लगाई

    2. बेटी की बीमारी से तनाव में था परिवार

    3. पुलिस को घटनास्थल से एक डायरी मिली

    जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के अमीन रोड स्थित प्रेम नगर में रविवार की रात एक बजे तीन वर्षीय बेटी के साथ दंपती ने पंखों के हुकों में फंदा लगा आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान जितेंद्र (30), उसकी पत्नी मंजू (28) और बेटी अदविका (3) के रूप में हुई है।

    पुलिस को कमरे से एक डायरी मिली है, इसमें जितेंद्र ने मासूम बेटी की लंबी बीमारी और उससे उत्पन्न मानसिक तनाव को मुख्य कारण लिखा है। यही नहीं डायरी में अपने अन्य रिश्तेदारों के लिए भी उनकी जिम्मेदारी बताते हुए और अपनी असमर्थता जताते हुए कई संदेश लिखे हैं।

    इनमें मकान और गाड़ी के साथ-साथ मां का ध्यान रखने की भी बातें कही गई हैं। पुलिस ने सोमवार को शवों का पोस्टमार्टम करा स्वजन को सौंप दिया है। एक महीने पहले ही परिवार ने थार रोक्स गाड़ी खरीदी थी।

    तीन दिन पहले ही पूरा परिवार जयपुर घूमकर आया था। जितेंद्र रेलवे मेल सर्विस में कार्यरत था। उसका भाई कनाडा में रह रहा है। थाना कृष्णा गेट प्रभारी निरीक्षक बलजीत सिंह ने बताया कि पुलिस को घटनास्थल से एक डायरी में कुछ नोट लिखे मिले हैं। उसकी जांच कराई जा रही है।

    खबरें और भी

    मरने से पहले जीजा को लिखा शेड्यूल मैसेज

    घटना की जानकारी सोमवार अलसुबह 5:30 बजे जितेंद्र के जीजा अमित को मिले मैसेज के बाद पता चली। अमित जिम पहुंच गया था। उसने जिम पहुंचकर मोबाइल देखा तो उसके मोबाइल पर टेक्सट मैसेज पहुंचा। उसने मैसेज पढ़ते ही जितेंद्र के मोबाइल पर कॉल की।

    जब कोई जवाब नहीं आया तो उसने जितेंद्र की पत्नी मंजू को फोन किया। उससे भी कोई जवाब नहीं मिला। वह जितेंद्र के घर पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। घर पहुंचकर देखा तो मकान में पहली मंजिल पर तीनों शव फंदे से लटक रहे थे। जितेंद्र का पिता पंजाब पुलिस से उप निरीक्षक पद से सेवानिवृत्त हुआ था।

    उनकी करीब छह माह पहले मौत हो गई थी। परिवार मूलरूप से करनाल के गांव सीकरी का रहने वाला है। 12 साल पहले सेवानिवृत्ति के बाद वह प्रेम नगर में रहने लगे थे। अब इस मकान में जितेंद्र की मां ही बची है। मृतक की तीन बहन और एक भाई है जो सभी शादीशुदा हैं। छोटा भाई अपने परिवार के साथ कनाडा में रहता है।