कुरुक्षेत्र में बच्चों के लिए जामुन तोड़ने पेड़ पर चढ़ा सीआरपीएफ ASI, नाले में गिरने से मौत
कुरुक्षेत्र के बीड़ अमीन गांव में सीआरपीएफ के सब इंस्पेक्टर सुरेंद्र चौहान की जामुन तोड़ने के दौरान पेड़ से गिरकर नाले में डूबने से मौत हो गई। ...और पढ़ें
-1782793021096_m.webp)
बच्चों के लिए जामुन तोड़ने पेड़ पर चढ़ा सीआरपीएफ का एसआइ (फोटो: जागरण)
HighLights
सीआरपीएफ एसआइ सुरेंद्र चौहान की जामुन तोड़ने के दौरान मौत।
कुरुक्षेत्र के बीड़ अमीन गांव में पेड़ से नाले में गिरे।
छुट्टी पर थे, आज पंचकूला में ड्यूटी ज्वाइन करनी थी।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र। गांव बीड़ अमीन में सोमवार की सुबह दर्दनाक हादसे में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के सब इंस्पेक्टर की मौत हो गई। सब इंस्पेक्टर सुरेंद्र चौहान (38) वह बच्चों के कहने पर जामुन के पेड़ पर चढ़े थे।
जामुन तोड़ते हुए बैलेंस बिगड़ने पर सीधे गहरे नाले में गिर गए और इस हादसे में उनकी जान चली गई। उनकी पोस्टिंग मध्य प्रदेश के शिवपुरी में थी। करीब 10 दिन पहले वे छुट्टी लेकर अपने गांव बीड़ अमीन आए थे और आज ही पंचकूला पहुंच अपनी ड्यूटी ज्वाइन करने वाले थे।
सोमवार सुबह घर से निकलने से पहले सुरेंद्र के बच्चे जामुन खाने की जिद करने लगे। बच्चों ने उनसे जामुन तोड़कर देने की बात कही। उन्होंने सुरेंद्र को अपने साथियों के लिए भी जामुन ले जाने की बात कही और पास के जामुन के पेड़ पर चढ़ गए।
पेड़ पर चढ़े सुरेंद्र का संतुलन बिगड़ गया। पैर फिसलते ही वे नीचे गहरे नाले में गिर गए। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं। स्वजन और आसपास के लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
खबरें और भी
पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए
सुरेंद्र चौहान अपने पीछे पत्नी मनु, आठ वर्षीय बेटी निष्ठा और पांच वर्षीय बेटे वरदान को छोड़ गए हैं। उनकी अचानक मौत की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर है। ग्रामीण और रिश्तेदार लगातार परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।
वह दो बहनों के इकलौते भाई था। उसकी पत्नी भी बैंक में नौकरी करती है। इस हादसे के बाद स्वजनों ने सुरेंद्र की यूनिट को भी इसकी सूचना दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर स्वजनों को सौंप दिया है।