कुरुक्षेत्र में आठ माह की गर्भवती पत्नी के सिर से उठा पति का साया, तेज रफ्तार कार की टक्कर से युवक की मौत
कुरुक्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से 25 वर्षीय परमजीत की मौत हो गई, जिससे उसकी आठ माह की गर्भवती पत्नी बेसहारा हो गई। ...और पढ़ें
-1785566736464_m.webp)
कुरुक्षेत्र में आठ माह की गर्भवती पत्नी के सिर से उठा पति का साया (फाइल फोटो)
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र। हिट एंड रन की एक घटना ने आठ माह की गर्भवती महिला की जिंदगी में मातम घोल दिया। तेज रफ्तार कार की टक्कर से घायल हुए 25 वर्षीय युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक परिवार का इकलौता कमाने वाला था। हादसे के बाद आरोपित चालक फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के फिरोजपुर गांव निवासी परमजीत के रूप में हुई है, जो पिछले करीब 20 वर्षों से रतगल गांव में परिवार के साथ रह रहा था। वह रंगाई-पुताई का काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। करीब तीन वर्ष पहले उसकी शादी सुधा से हुई थी और उसकी पत्नी आठ माह की गर्भवती है।
परमजीत के मामा-ससुर ओमप्रकाश ने पुलिस को बताया कि वह परमजीत के साथ मोटरसाइकिल पर सेक्टर-13 सब्जी लेने जा रहे थे। जब उनकी मोटरसाइकिल 100 फुटा रोड पर सर्किट हाउस के सामने पहुंची तो पीछे से तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर गिर पड़े। परमजीत के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जबकि ओमप्रकाश भी घायल हो गए।
दोनों को पहले एलएनजेपी अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने परमजीत की गंभीर हालत को देखते हुए उसे चंडीगढ़ रेफर कर दिया। बाद में स्वजन उसे मोहड़ी स्थित निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। ओमप्रकाश के अनुसार परमजीत अपने भाइयों से अलग रहता था और पूरे परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। उसकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।