राहुल गांधी का सचिव बनकर लगाया चूना, हरियाणा के कुरुक्षेत्र में दो कांग्रेस नेताओं से 10 लाख की ठगी
कुरुक्षेत्र के दो कांग्रेस नेताओं को राहुल गांधी का सचिव बताकर 10 लाख रुपये की ठगी की गई। आरोपी ने चंडीगढ़ में संगठन सृजन कार्यक्रम के बहाने पैसे लिए, ...और पढ़ें
-1782667503480_m.webp)
राहुल गांधी का सचिव बता कुरुक्षेत्र के दो कांग्रेसियों से 10 लाख की ठगी।
HighLights
कुरुक्षेत्र के दो कांग्रेस नेता 10 लाख ठगी का शिकार।
खुद को राहुल गांधी का सचिव बताकर की गई धोखाधड़ी।
मुख्य आरोपी देहरादून जेल में बंद, पुलिस जांच जारी।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र जिले के दो कांग्रेस नेताओं को केंद्रीय नेताओं से मिलवाने और महत्वपूर्ण पद दिलाने का झांसा देकर खुद को सांसद राहुल गांधी का सचिव बताने वाले ने 10 लाख रुपये की चपत लगा दी। आरोपित ने वॉट्सऐप पर कॉल कर खुद को राहुल गांधी का सचिव कनिष्क सिंह बताया।
उन्हें एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए चंडीगढ़ में उत्तराखंड के नेताओं के लिए संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षण शिविर आयोजित करवाने की बात कही। उनकी बातों में आए दोनों नेता चंडीगढ़ में आरोपित के बताए होटल में पहुंचे और 10 लाख रुपये दे आए। अब जब उन्हें अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ तो उन्होंने पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन को शिकायत सौंपी है। इसके बाद पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि ठगी करने वाले उत्तराखंड के देहरादून की जेल में बंद है।
पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन को शिकायतकर्ता ने बताया कि 24 जनवरी को उनके मोबाइल पर वॉट्सऐप कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने संसद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का सचिव कनिष्क सिंह बताया और कहा कि कांग्रेस के संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत उत्तराखंड के नेताओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम चंडीगढ़ में आयोजित होना है।
इसके लिए पार्टी पदाधिकारियों के ठहरने व अन्य व्यवस्थाओं में सहयोग करना होगा। पहले आरोपित ने होटल बुकिंग की बात कही, बाद में कहा कि व्यवस्थाएं पार्टी स्वयं कर लेगी। इसके बाद पीसीसी सदस्य और कांग्रेस जिला संगठन सचिव को निर्देश दिए गए कि वह चंडीगढ़ के सेक्टर-35 स्थित जेडब्ल्यू मैरियट होटल पहुंचकर दीपक नामक व्यक्ति को 10 लाख रुपये सौंप दें।
खबरें और भी
उन्होंने भरोसे में आकर पांच-पांच लाख रुपये की व्यवस्था की और उसी रात होटल की पार्किंग में पहुंचे। वहां रात 11 बजे स्वयं को दीपक बताने वाले व्यक्ति के कथित कनिष्क सिंह से बात करवाने के बाद उसे 10 लाख रुपये सौंप दिए। उन्होंने जब कुछ दिन बाद पता करने का प्रयास किया तो पता चला कि चंडीगढ़ में इस तरह का कोई कार्यक्रम ही नहीं होना है।
कांग्रेस का संगठन सृजन कार्यक्रम हरियाणा और उत्तराखंड के लिए कुरुक्षेत्र की पंजाबी धर्मशाला में आयोजित होना था। इसके बाद दोनों नेताओं ने बदनामी के डर से चुप्पी साध ली। अब पता चला कि आरोपित उत्तराखंड में भी कई नेताओं का शिकार बना चुका है।
जांच अधिकारी बोले प्रोडक्शन वारंट लाकर की जाएगी पूछताछ
थाना शहर प्रभारी नरेश कुमार ने जब शिकायतकर्ताओं के बयान, वॉट्सऐप चैट, फोटो और अन्य दस्तावेजों की जांच की तो पता चला कि स्वयं को कनिष्क सिंह बताने वाला व्यक्ति पंजाब के अमृतसर के मजीठा रोड स्थित नेहरू कॉलोनी तुंगवाला का रहने वाला गौरव कुमार शर्मा उर्फ गौरा है। फिलहाल वह उत्तराखंड के देहरादून के थाना राजपुर में दर्ज एक अन्य धोखाधड़ी के मामले में पहले से न्यायिक हिरासत में जेल में बंद है।
उन्होंने बताया कि होटल में 10 लाख रुपये लेने वाला कथित दीपक कुमार सिरसा जिले के डबवाली का रहने वाला रजत कुमार है, जो फरार चल रहा है। उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट व पुलिस अधीक्षक कार्यालय से अभियोग दर्ज करने की संस्तुति के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपित को जल्द ही देहरादून से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया जाएगा।