कुरुक्षेत्र के मारकंडा रेलवे पुल पर दर्दनाक हादसा, ट्रेन की चपेट में आने से युवक-युवती की मौत
शाहाबाद में मारकंडा नदी पर बने रेलवे पुल पर ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक और युवती की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस प्रारंभिक जांच में इसे आत्महत्या मान ...और पढ़ें
-1785677468682_m.webp)
मारकंडा रेलवे पुल पर ट्रेन की चपेट में आने से युवक-युवती की मौत।
HighLights
मारकंडा पुल पर ट्रेन की चपेट में आने से युवक-युवती की मौत
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया हादसे से पहले दोनों में हुई थी बहस
पुलिस इसे आत्महत्या मानकर जांच कर रही, शिनाख्त जारी
संवाद सूत्र, शाहाबाद। मारकंडा नदी पर बने रेलवे पुल पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में युवक और युवती की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि दोनों के शव कई टुकड़ों में कटकर पुल से नीचे नदी में जा गिरे।
प्रारंभिक जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर पुलिस इसे आत्महत्या की आशंका मानकर जांच कर रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 2:20 बजे दिल्ली से अंबाला की ओर जा रही नागपुर-अमृतसर एसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 22125) मारकंडा रेलवे पुल से गुजर रही थी। उसी दौरान एक युवक और युवती ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद राजकीय रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की टीम मौके पर पहुंची। शव के टुकड़ों को कई घंटों की कार्रवाई के बाद पुलिस ने इकट्ठा किया और अपने कब्जे में लिया।
रविवार होने के कारण मारकंडा मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। हादसे की सूचना मिलते ही लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने श्रद्धालुओं और आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पहले दोनों हुई बहस
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे से पहले दोनों मारकंडा नदी किनारे आपस में बहस कर रहे थे। युवक युवती को समझाने का प्रयास कर रहा था। कुछ देर बाद दोनों रेलवे पुल पर पहुंच गए, जहां फिर से विवाद हुआ। इसी दौरान ट्रेन आने पर यह दर्दनाक हादसा हो गया।
खबरें और भी
नहीं हो पाई शिनाख्त
पुलिस के अनुसार युवक की उम्र करीब 30 वर्ष और युवती की उम्र लगभग 28 वर्ष प्रतीत होती है। दोनों की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। मौके से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिले हैं। केवल एक मोबाइल का कवर बरामद हुआ है। युवक ने नीली पैंट और सफेद-भूरे रंग की चेकदार कमीज पहन रखी थी, जबकि युवती के कपड़ों के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी।
शव बुरी तरह क्षत-विक्षत होने के कारण पहचान में भी कठिनाई आ रही है। आसपास के जिलों और थानों को भी सूचना भेजी गई है ताकि दोनों की शिनाख्त हो सके। मामले की जांच जारी है। कार्रवाई के दौरान आरपीएफ के एसआई नरेश कुमार, हेड कांस्टेबल दलीप सिंह, कांस्टेबल विक्रम तथा जीआरपी के एएसआई गुरदेव सिंह, अंजू बाला और पूनम रानी मौके पर कार्रवाई करते नजर आए।