Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    नारनौल के उन्हाणी हैफेड गोदाम में 4.23 करोड़ की सरसों का गबन, फील्ड इंस्पेक्टर लापता

    Updated: Sat, 21 Mar 2026 03:31 PM (IST)

    कनीना के उन्हाणी स्थित हैफेड गोदाम में 4.23 करोड़ रुपये से अधिक की सरसों के गबन का मामला सामने आया है। रिकॉर्ड में दर्ज हजारों बैग सरसों भौतिक सत्यापन ...और पढ़ें

    उन्हाणी हैफेड में 4.23 करोड़ की सरसों गबन। (AI Generated Image)

    उन्हाणी हैफेड में 4.23 करोड़ की सरसों गबन। (AI Generated Image)

    HighLights

    1. उन्हाणी हैफेड गोदाम में 4.23 करोड़ की सरसों का गबन।

    2. रिकॉर्ड से 12,292 सरसों के बैग कम पाए गए।

    3. फील्ड इंस्पेक्टर ऋषिदेव घटना के बाद से लापता।

    संवाद सहयोगी, कनीना (नारनौल)। गांव उन्हाणी स्थित हैफेड गोदाम में सरसों गबन का मामला अब सिर्फ चोरी नहीं, बल्कि पूरी स्टाक व्यवस्था की पोल खोलता नजर आ रहा है। रिकार्ड में जहां हजारों बैग सरसों दर्ज थे, वहीं मौके पर भौतिक सत्यापन में भारी कमी सामने आई।

    करीब चार करोड़ 23 लाख रुपये से अधिक के गबन ने विभागीय निगरानी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। जिला प्रबंधक हैफेड, नारनौल द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार रबी मार्केटिंग सीजन 2025 के दौरान अप्रैल से जून के बीच खरीदी गई सरसों को हैफेड काम्प्लेक्स उन्हाणी के गोदाम में स्टोर किया गया था।

    मिले कटे बैग और बिखरी सरसो

    इस स्टाक की जिम्मेदारी फील्ड इंस्पेक्टर ऋषिदेव निवासी कंवर सिंह कालोनी, झज्जर के पास थी। कार्यालय रिकार्ड के अनुसार गोदाम में कुल 1,31,635.50 क्विंटल सरसों स्टाक में थी, जो 2,95,483 बैग (प्रत्येक 45 किलो) में पैक थी।

    छह मार्च को अलवर व कोटा के लिए 2600-2600 क्विंटल सरसों डिलीवरी हेतु जारी की गई। 12 मार्च को जब संबंधित पार्टियों के प्रतिनिधि सरसों उठाने पहुंचे तो उन्होंने पाया कि गोदाम में कई बैग कटे हुए हैं और सरसों बिखरी पड़ी है।

    खबरें और भी

    12,292 बैगों की कमी मिली

    इसके साथ ही डिलीवरी में कमी की आशंका जताई गई। सूचना पर अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन उस समय न तो स्टाक रजिस्टर उपलब्ध मिला और न ही जिम्मेदार फील्ड इंस्पेक्टर मौके पर मौजूद था। उसका मोबाइल भी बंद मिला।

    रिकार्ड के अनुसार 12 मार्च तक 1,24,033.90 क्विंटल सरसों (2,80,281 बैग) विभिन्न पार्टियों व एचओएम रेवाड़ी और नारनौल को डिलीवर की जा चुकी थी। ऐसे में गोदाम में करीब 16,892 बैग सरसों शेष होनी चाहिए थी, लेकिन भौतिक सत्यापन में केवल करीब 4600 बैग ही मिले।

    इस प्रकार करीब 12,292 बैग सरसों कम पाई गई, जो वजन में 5531.60 क्विंटल बैठती है। इसकी अनुमानित कीमत 4,12,44,793 रुपये आंकी गई है।

    इसके अलावा बारदाने में भी कमी पाई गई एक ब्रांड के 969 बैग (कीमत 91,842 रुपये) और दूसरे ब्रांड के 12,685 बैग (कीमत 10,32,940 रुपये) इस प्रकार कुल मिलाकर 4,23,69,575 रुपये का गबन सामने आया है।

    ड्यूटी से गायब हैं फील्ड इंस्पेक्टर ऋषिदेव

    घटना के बाद से फील्ड इंस्पेक्टर ऋषिदेव 12 मार्च दोपहर करीब तीन बजे से ड्यूटी से गायब है। अधिकारियों ने उसके मोबाइल पर संपर्क करने और झज्जर स्थित निवास पर तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला।

    शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि गोदाम में डिलीवरी कार्य सुरक्षा गार्ड के माध्यम से कराया जा रहा था, जो अपने आप में गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। वहीं स्टाक रजिस्टर का मौके पर न मिलना भी संदेह को और गहरा करता है।

    कनीना थाना पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब इस पूरे मामले में अकेले की भूमिका या किसी संगठित मिलीभगत की संभावना को भी खंगाल रही है।

    यह भी पढ़ें- 1 करोड़ का गबन करने वाला चपरासी निकला 'मिस्टर इंडिया', 4 टीमें ढूंढती रहीं और हाई कोर्ट से मिल गई जमानत!




    हैफेड जिला प्रबंधक की शिकायत पर मामला एक व्यक्ति के विरुद्ध दर्ज हो चुका है। मामले की जांच अपराध शाखा आर्थिक नारनौल कर रही है।

    -

    राकेश कुमार, एसआइ, थाना शहर, कनीना।