Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गर्मियों में रेलवे का तोहफा: ट्रेनों में बढ़ेंगे डिब्बे, महेंद्रगढ़ के हजारों यात्रियों को मिलेगी राहत

    Updated: Wed, 01 Apr 2026 03:09 PM (IST)

    रेलवे ने गर्मियों की भीड़ के लिए 51 जोड़ी ट्रेनों में 130 अतिरिक्त डिब्बे लगाने का फैसला किया है, जिससे महेंद्रगढ़, नारनौल और अटेली के हजारों यात्रियो ...और पढ़ें

    नारनौल रेलवे स्टेशन। जागरण

    नारनौल रेलवे स्टेशन। जागरण

    HighLights

    1. 51 जोड़ी ट्रेनों में 130 अतिरिक्त डिब्बे लगेंगे

    2. दोहरीकरण कार्य के चलते कुछ ट्रेनें आंशिक रद

    3. महेंद्रगढ़, नारनौल यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

    जागरण संवाददाता, नारनौल। गर्मियों की छुट्टियों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बड़ा फैसला लेते हुए कई ट्रेनों में अतिरिक्त डिब्बे लगाने और कुछ रेलसेवाओं में बदलाव करने की घोषणा की है। इससे जिले के हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी, हालांकि रेल लाइन दोहरीकरण कार्य के कारण कुछ रेलसेवाएं आंशिक रूप से रद भी रहेंगी और एक ट्रेन का मार्ग परिवर्तित किया जाएगा।

    उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार रेलवे द्वारा गर्मियों की अतिरिक्त यात्री भीड़ को देखते हुए 51 जोड़ी रेलसेवाओं में विभिन्न श्रेणी के कुल 130 डिब्बों की अस्थायी बढ़ोतरी की जा रही है। अप्रैल माह के दौरान यह व्यवस्था लागू रहेगी।

    सबसे ज्यादा राहत उन यात्रियों को मिलेगी जो महेंद्रगढ़, नारनौल, अटेली और निजामपुर से दिल्ली, जयपुर, अजमेर, उदयपुर और बीकानेर की ओर यात्रा करते हैं। इन ट्रेनों में स्लीपर, सामान्य और वातानुकूलित श्रेणी के अतिरिक्त डिब्बे लगाए जाएंगे, जिससे वेटिंग लिस्ट कम होगी और यात्रियों को सीट मिलने की संभावना बढ़ेगी।

    चेतक एक्सप्रेस में बढ़ेंगे दो स्लीपर कोच 

    चेतक में स्लीपर कोच और जन शताब्दी एक्सप्रेस में वातानुकूलित कुर्सीयान डिब्बा बढ़ाया जाएगा। रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 22471/22472 लालगढ़–दिल्ली सराय रेलसेवा में अप्रैल माह के दौरान दो द्वितीय शयनयान श्रेणी के अतिरिक्त डिब्बे लगाए जाएंगे। इस ट्रेन का ठहराव महेंद्रगढ़ स्टेशन पर होता है।

    खबरें और भी

    इसी प्रकार 20473/20474 दिल्ली सराय–उदयपुर सिटी चेतक एक्सप्रेस में भी दो स्लीपर कोच बढ़ाए जाएंगे, जिसका ठहराव नारनौल और अटेली स्टेशन पर होता है। इसके अलावा 12065/12066 अजमेर–दिल्ली सराय रोहिल्ला जन शताब्दी एक्सप्रेस में एक वातानुकूलित कुर्सीयान डिब्बा बढ़ाया जाएगा, जिससे नारनौल के यात्रियों को लाभ मिलेगा।

    वहीं मदार–रेवाड़ी, रेवाड़ी–फुलेरा और भिवानी–ढेहर का बालाजी रेलसेवाओं में सामान्य श्रेणी के तीन से पांच अतिरिक्त डिब्बे लगाए जाएंगे। इन ट्रेनों का ठहराव नारनौल, अटेली, निजामपुर स्टेशनों पर होता है।

    दोहरीकरण के चलते कनीना, महेंद्रगढ़ और सतनाली स्टेशन रहेंगे प्रभावित

    दूसरी ओर बीकानेर मंडल के चूरू–सादुलपुर रेलखंड पर दोहरीकरण कार्य के चलते कुछ रेलसेवाएं प्रभावित रहेंगी। गाड़ी संख्या 14823 जोधपुर–रेवाड़ी रेलसेवा 15 अप्रैल से 24 अप्रैल तक लोहारू तक ही संचालित होगी और लोहारू से रेवाड़ी के बीच आंशिक रद रहेगी।

    इसी प्रकार गाड़ी संख्या 54804 रेवाड़ी–सीकर रेलसेवा भी इस अवधि में लोहारू से संचालित होगी और रेवाड़ी से लोहारू के बीच आंशिक रद रहेगी। इस कारण जिले के कनीना खास, गुढा केमला, भोजावास, महेंद्रगढ़, जेरपुर पाली, नांगल डिगरोता, नैनवां और सतनाली स्टेशन प्रभावित रहेंगे।

    हिसार–काकिनाडा टाउन स्पेशल रेल नारनौल से गुजरेगी

    दोहरीकरण कार्य के कारण गाड़ी संख्या 07706 हिसार–काकिनाडा टाउन स्पेशल रेलसेवा 26 अप्रैल को परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी। यह ट्रेन हिसार–भिवानी–रेवाड़ी–रींगस होकर चलेगी और भिवानी, रेवाड़ी, नारनौल व नीमकाथाना स्टेशन पर ठहराव करेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह सभी बदलाव अस्थायी हैं और निर्माण कार्य पूरा होने के बाद रेलसेवाएं पुनः सामान्य रूप से संचालित होंगी।