महेंद्रगढ़ और नारनौल के रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी! 55 जोड़ी ट्रेनों में रेलवे ने बढ़ा दिए एक्स्ट्रा कोच
रेलवे ने गर्मियों की छुट्टियों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए 55 जोड़ी ट्रेनों में 147 अतिरिक्त डिब्बे लगाने का फैसला किया है। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर, एआई जनरेटेड।
HighLights
गर्मियों की भीड़ के लिए रेलवे ने बढ़ाए अतिरिक्त डिब्बे।
कुल 55 जोड़ी ट्रेनों में 147 अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे।
महेंद्रगढ़, नारनौल के यात्रियों को मिलेगी विशेष सुविधा।
जागरण संवाददाता, नारनौल। गर्मियों की छुट्टियों के दौरान बढ़ी यात्री भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विभिन्न रेल सेवाओं में अस्थायी रूप से अतिरिक्त डिब्बे लगाने का निर्णय लिया है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि कुल 55 जोड़ी ट्रेनों में 147 अतिरिक्त डिब्बे लगाए जा रहे हैं। इनमें महेंद्रगढ़ और नारनौल रेलखंड से गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनें भी शामिल हैं।
लालगढ़-दिल्ली सराय-लालगढ़ एक्सप्रेस (22471/22472) में 1 जुलाई से 31 जुलाई तक एक थर्ड एसी और एक स्लीपर कोच अतिरिक्त लगाए जाएंगे। इस ट्रेन का ठहराव महेंद्रगढ़ स्टेशन पर होता है।
31 जुलाई तक इन ट्रेनों में लगेंगी अतिरिक्त बोगियां
इसी प्रकार महेंद्रगढ़ स्टेशन पर ठहराव वाली दिल्ली सराय-सीकर रेलसेवा (14713/14714) में 8 से 31 जुलाई तक एक थर्ड एसी, एक स्लीपर और एक सामान्य श्रेणी का अतिरिक्त डिब्बा लगाया जाएगा।
वहीं नारनौल रूट की चेतक एक्सप्रेस (20473/20474) में भी 1 जुलाई से 31 जुलाई तक एक थर्ड एसी और एक स्लीपर कोच बढ़ाया जाएगा।
यह ट्रेन नारनौल और अटेली स्टेशन पर रुकती है। इसके अलावा मदार-रेवाड़ी (19617/19618), रेवाड़ी-फुलेरा (19619/19620) तथा रेवाड़ी-फुलेरा (19621/19622) ट्रेनों में 1 से 31 जुलाई तक पांच-पांच सामान्य श्रेणी के अतिरिक्त डिब्बे लगाए जाएंगे।
किन स्टेशनों पर होगा ठहराव?
इन ट्रेनों का ठहराव नारनौल, अटेली, निजामपुर, अमरपुर जोरासी और मिर्जापुर बाछौद स्टेशनों पर होता है। वहीं भिवानी-ढेहर का बालाजी-भिवानी रेलसेवा (14705/14706) में भी 2 जुलाई से 1 अगस्त तक तीन सामान्य श्रेणी के अतिरिक्त डिब्बे लगाए जाएंगे। इससे जिले के यात्रियों को यात्रा के दौरान अधिक सुविधा मिलने की उम्मीद है।