महेंद्रगढ़ के लाखों लोगों का सफर होगा आसान, 11 करोड़ से चकाचक होंगी 7 प्रमुख सड़कें
महेंद्रगढ़ जिले में 11 करोड़ रुपये की लागत से सात प्रमुख सड़कों का पुनर्निर्माण और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग ने योजना तैयार कर मंजूरी क ...और पढ़ें

HighLights
महेंद्रगढ़ में 11 करोड़ से सात सड़कें सुधरेंगी।
लोक निर्माण विभाग ने योजना मंजूरी को भेजी है।
मानसून के बाद शुरू होगा सड़कों का निर्माण कार्य।
मोहनलाल अग्रवाल, महेंद्रगढ़। वर्षों से जर्जर और गड्ढों से भरी सड़कों की समस्या से जूझ रहे महेंद्रगढ़ जिले के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़क) ने करीब 11 करोड़ रुपये की लागत से जिले की सात प्रमुख सड़कों के पुनर्निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण की योजना तैयार कर मंजूरी के लिए भेज दी है। विभाग का कहना है कि स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर मानसून समाप्त होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
इस योजना के तहत शहर और ग्रामीण क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण सड़कों को नई पहचान मिलेगी। इनमें राव तुलाराम चौक से विक्रांत होटल, मसानी चौक से माजरा फाटक, महेंद्रगढ़-सतनाली मार्ग, डुलाना रोड सहित अन्य प्रमुख मार्ग शामिल हैं। इन सड़कों पर नई कारपेटिंग, सड़क का सुदृढ़ीकरण, गड्ढों की मरम्मत तथा जल निकासी व्यवस्था में भी आवश्यक सुधार किए जाएंगे, ताकि लोगों को लंबे समय तक बेहतर सड़क सुविधा मिल सके।

नगर पालिका प्रधान रमेश सैनी ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से जिले की सड़कें लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई थीं। अब सरकार और लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क सुधार की दिशा में उठाया गया यह कदम आमजन के लिए राहत लेकर आएगा। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें केवल आवागमन को आसान नहीं बनातीं, बल्कि व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और जिले के समग्र विकास को भी गति देती हैं।
रमेश सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार लगातार आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने का कार्य कर रही है। महेंद्रगढ़ की सड़कें भी इसी विकास यात्रा का हिस्सा बनने जा रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि विभाग निर्माण कार्य में गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखेगा और तय समय सीमा में परियोजना पूरी करने का प्रयास करेगा।
खबरें और भी
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में पारदर्शिता और गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। यदि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुसार होगा तो लोगों को वर्षों तक बेहतर सुविधा मिलेगी और बार-बार मरम्मत की आवश्यकता भी नहीं पड़ेगी।
स्थानीय नागरिकों को भी इस योजना से काफी उम्मीदें हैं। उनका मानना है कि लंबे समय बाद जिले की प्रमुख सड़कों के सुधार की दिशा में ठोस पहल हुई है। यदि यह परियोजना समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी होती है तो महेंद्रगढ़ में यातायात व्यवस्था पहले से अधिक सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक हो जाएगी, जिससे हजारों लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।