नारनौल में दहशत फैलाने वाले पशु चोरों पर ग्रामीणों का शिकंजा, भैंस चोरी करते तीन आरोपी रंगेहाथ पकड़े
निजामपुर क्षेत्र में लगातार हो रही पशु चोरी की वारदातों के बीच ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए भैंस चुराते तीन आरोपितों को रंगेहाथ पकड़ा और पुलिस के हवाल ...और पढ़ें

HighLights
ग्रामीणों ने भैंस चोरी करते तीन आरोपितों को पकड़ा।
आरोपितों के कब्जे से पिकअप वाहन और पशु बरामद।
पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।
संवाद सूत्र, नारनौल। निजामपुर क्षेत्र में लगातार हो रही पशु चोरी की वारदातों के बीच रविवार को गांव बायल के ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए भैंस चोरी कर भाग रहे तीन कथित आरोपितों को पीछा कर दबोच लिया।
ग्रामीणों ने आरोपितों के कब्जे से एक पिकअप वाहन भी पकड़ लिया और बाद में उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में सक्रिय पशु चोरी गिरोह को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। उनका कहना है कि पिछले दो माह में करीब तीन दर्जन पशु चोरी हो चुके हैं।
ग्रामीण लीलाराम, सुरेंद्र, विक्रम और अशोक ने बताया कि बायल की ढाणी और भरतरी मंदिर के पास तीनों आरोपितों को एक भैंस और एक कटड़ी के साथ पकड़ा गया। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के ही कुछ लोग पशु चोरों को सूचनाएं देकर चोरी की वारदातों में सहयोग कर रहे हैं। इस संबंध में पुलिस को शिकायत भी दी गई है। ग्रामीणों के अनुसार, रविवार को ईश्वर पुत्र रामचंद्र की भैंस चोरी कर ले जाई जा रही थी।
इसी दौरान ढाणी ढोया निवासी रोहताश खेत में काम कर रहे थे। उन्होंने एक पिकअप में एक भैंस और एक कटड़ी लदी देखी, जबकि तीसरी कटड़ी को भी वाहन में चढ़ाने का प्रयास किया जा रहा था। शक होने पर उन्होंने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पिकअप का पीछा कर तीनों आरोपितों को पकड़ लिया।
ग्रामीणों का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपितों ने गांव के ही एक युवक के कहने पर पशु चोरी करने की बात स्वीकार की। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। ग्रामीणों ने बताया कि जून और जुलाई के दौरान क्षेत्र में पशु चोरी की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हुई है।
खबरें और भी
पूर्व सरपंच सुबेदार जगमाल सिंह, मनोहर लाल, लीलाराम, बनवारी, सुरेंद्र, धर्मपाल, हवाई सिंह, ईश्वर, पितराम, विक्रम, राधेश्याम योगी और अशोक सहित कई पशुपालकों के पशु चोरी हो चुके हैं। उनका दावा है कि दो महीनों में करीब तीन दर्जन भैंस और कटड़ियां चोरी हुई हैं। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पकड़े गए आरोपितों के मोबाइल फोन में पहले चोरी हुई कुछ भैंसों की तस्वीरें मिली हैं। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। ग्रामीणों ने पूरे पशु चोरी गिरोह का पटाक्षेप कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
मामले की जांच कर रहीं एएसआई राजवंती ने बताया कि ग्रामीणों ने भैंस चोरी के मामले में तीन लोगों को पुलिस के हवाले किया है। इनमें दो आरोपित राजस्थान के अलवर जिले के थाना धोलागढ़ क्षेत्र के निवासी हैं, जबकि एक आरोपित गांव बायल का रहने वाला है। पुलिस ने एक पिकअप वाहन, एक भैंस और एक कटड़ी को कब्जे में लेकर एफआइआर दर्ज कर ली है। मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।