नारनौल: दीपावली की रात गणपति डेंटिंग-पेंटिंग वर्कशॉप में भीषण आग, 6-7 गाड़ियां जलकर खाक, लाखों का नुकसान
नारनौल के गणपति डेंटिंग-पेंटिंग वर्कशॉप में दीपावली की रात भीषण आग लग गई, जिससे 6-7 गाड़ियां और गैराज का सामान जलकर खाक हो गया।

4 घंटे की मशक्कत से पाया गया काबू
HighLights
नारनौल गैराज में दीपावली रात लगी आग, लाखों का नुकसान।
6-7 गाड़ियां और गैराज का सामान जलकर हुआ क्षतिग्रस्त।
आग लगने के कारणों की जांच जारी, 70-80 लाख हानि।
जागरण संवाददाता, नारनौल। दीपावली की शाम परिवार के साथ पूजा-पाठ कर खुशियां मनाने के बाद वर्कशाप बंद करके घर लौटे संचालकों को क्या पता था कि कुछ ही घंटे बाद उनकी सालों की कमाई आग की भेंट चढ़ जाएगी। दीपावाली की रात करीब नौ बजे फोन की घंटी बजी और दूसरी तरफ से गैराज में आग लगने की सूचना मिली।
खबर सुनते ही परिवार के लोगों के होश उड़ गए। जब तक वे मौके पर पहुंचे, आग विकराल रूप ले चुकी थी। सिंघाना रोड स्थित गणपति डेंटिंग-पेंटिंग वर्कशाप में लगी आग ने वहां खड़ी 6 से 7 गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। आग से वाहन और गैराज में रखा सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। शुरुआती आकलन के अनुसार करीब 70 से 80 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
पूजा के बाद शाम छह बजे बंद किया था गैराज
वर्कशाप संचालक के चाचा सोमेश कुमार सैनी ने बताया कि यह दुकान और गैराज उनके परिवार के भूप सिंह व अनिल कुमार का है। दीपावली के अवसर पर शाम करीब 5:30 से 6 बजे के बीच गैराज में पूजा-पाठ किया गया था।
इसके बाद सभी लोग गैराज बंद करके चले गए। रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच फोन पर आग लगने की सूचना मिली। परिवार के लोग गांव से तुरंत नारनौल के लिए रवाना हुए। उन्हें मौके पर पहुंचने में करीब 20 से 25 मिनट लगे।
11-12 गाड़ियों में से सात को बचाया
सोमेश सैनी के अनुसार, गैराज में उस समय करीब 11 से 12 गाड़ियां खड़ी थीं। इनमें महिंद्रा, मारुति, टाटा और टोयोटा सहित विभिन्न कंपनियों के वाहन शामिल थे। आग तेजी से फैल रही थी। इस दौरान करीब सात गाड़ियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि 6 से 7 गाड़ियां आग की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गईं।
इनमें महिंद्रा बोलेरो, टाटा टियागो, मारुति अर्टिगा, वैगनआर और दो स्विफ्ट डिजायर शामिल हैं। वाहनों के साथ गैराज में रखा अन्य सामान भी आग की भेंट चढ़ गया।
नारनौल और महेंद्रगढ़ से पहुंचीं दमकल गाड़ियां
आग की सूचना मिलने के बाद नारनौल और महेंद्रगढ़ से दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास किए। करीब तीन से चार घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी। तब तक कई गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थीं।
पूजा के समय सब सामान्य था, आग के कारणों पर सवाल
परिवार के लिए सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर पूजा-पाठ के बाद बंद किए गए गैराज में आग कैसे लगी। संचालक के अनुसार, जब शाम को वे गैराज बंद करके गए थे, उस समय सब कुछ सामान्य था। आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। जांच के बाद ही इसका खुलासा हो सकेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।