Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    'सुंदर नहीं हो' कहकर दिए ताने, शादी के 4 महीने बाद MSc-BEd पास युवती ने पानी के टैंक में कूदकर दी जान

    Updated: Tue, 04 Aug 2026 02:31 PM (GMT+05:30)

    नारनौल की ईश्वर कॉलोनी में एक 24 वर्षीय नवविवाहिता ने मायके में पानी के टैंक में कूदकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने पति पर दहेज प्रताड़ना और मानसिक उत् ...और पढ़ें

    अपने मायके में बने इस पानी के टैंक में मृत मिली थी मेघा। सौ.- सोशल मीडिया

    अपने मायके में बने इस पानी के टैंक में मृत मिली थी मेघा। सौ.- सोशल मीडिया

    HighLights

    1. नारनौल में नवविवाहिता ने मायके में पानी के टैंक में कूदकर जान दी।

    2. परिजनों ने पति पर दहेज और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए।

    3. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू की।

    जागरण संवाददाता, नारनौल। शहर की ईश्वर कॉलोनी में सोमवार सुबह एक 24 वर्षीय नवविवाहिता ने अपने मायके में घर के अंदर बने पानी के टैंक में कूदकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया।

    20 अप्रैल को हुई थी शादी

    स्वजन ने मृतका के पति पर दहेज प्रताड़ना और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतका की पहचान मेघा के रूप में हुई है। उसकी शादी 20 अप्रैल को गांव जोरासी निवासी धीरज के साथ हुई थी, जो मानेसर स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत है।

    क्या है पूरा मामला?

    मृतका की बहन रजनी ने बताया कि रविवार को धीरज मेघा को उसके मायके छोड़कर गया था। उस समय वह सामान्य लग रही थी, लेकिन वह अक्सर बताती थी कि उसका पति उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता है। उसके अनुसार, पति के अन्य महिलाओं से संबंध होने की बात भी मेघा उसे बताती थी, जिससे वह काफी परेशान रहती थी।

    रजनी का आरोप है कि शादी के बाद से ही धीरज मेघा को बात-बात पर ताने देता था और कहता था कि वह सुंदर नहीं है। वह दहेज के लिए भी दबाव बनाता था। स्वजन के अनुसार, धीरज दो बार 50-50 हजार रुपये की मांग कर चुका था और लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था।

    खबरें और भी

    स्वजन के अनुसार, रविवार रात मेघा अपनी बहन के साथ कमरे में सोई थी। सोमवार सुबह जब परिवार के सदस्य उठे तो पानी के टैंक का ढक्कन खुला मिला। मेघा कमरे में नहीं थी। तलाश करने पर उसका शव टैंक के अंदर मिला। स्वजन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

    कितनी पढ़ी-लिखी थी मेघा?

    बहन रजनी ने बताया कि मेघा ने एमएससी और बीएड की पढ़ाई की थी। वह पढ़ाई में मेधावी थी और अपने करियर को आगे बढ़ाना चाहती थी, लेकिन उसका पति उसे आगे बढ़ने नहीं देना चाहता था। मृतका की मां पुष्पा ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष, विशेषकर पति, दहेज को लेकर उनकी बेटी को प्रताड़ित करता था।

    उनका कहना है कि इसी मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर मेघा ने यह कदम उठाया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि स्वजन की शिकायत के आधार पर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    यह भी पढ़ें- महेंद्रगढ़ के 80 हजार संपत्ति मालिकों को झटका, अब कलेक्टर रेट से वसूला जाएगा प्रॉपर्टी टैक्स

    यह भी पढ़ें- मिलिए नारनौल के अर्जुन सिंह से... उमर 86 साल और जोश 16 का, पेशे से शिक्षक; करते हैं पार्कों की सफाई