Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    नारनौल में चश्मे की दुकान पर हमला, महिला समेत कई लोगों ने की तोड़फोड़ और मारपीट

    Updated: Sun, 26 Jul 2026 09:55 AM (GMT+05:30)

    नारनौल की नई मंडी में एक चश्मे की दुकान पर महिला समेत कुछ लोगों ने तोड़फोड़ और मारपीट की, जिससे दुकानदार मुकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। ...और पढ़ें

    HighLights

    1. नई मंडी में चश्मे की दुकान पर हमला।

    2. दुकानदार मुकेश कुमार गंभीर रूप से घायल।

    3. पुलिस जांच जारी, दुकानदारों ने की कार्रवाई की मांग।

    जागरण संवाददाता, नारनौल। शहर की नई मंडी के गेट के बाहर स्थित एक चश्मे की दुकान में शनिवार शाम करीब साढ़े छह बजे महिला समेत कुछ युवाओं द्वारा तोड़फोड़ और मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना में दुकान संचालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पहले नागरिक अस्पताल ले जाया गया और बाद में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना के बाद बाजार के दुकानदार बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।

    जानकारी के अनुसार नई मंडी गेट के बाहर स्थित श्री श्याम आई केयर के संचालक गांव नायन थनवास निवासी 45 वर्षीय मुकेश कुमार अपनी दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान एक महिला कुछ लोगों के साथ दुकान पर पहुंची। आरोप है कि सभी ने दुकान में घुसकर पहले तोड़फोड़ की और फिर मुकेश कुमार के साथ मारपीट शुरू कर दी।

    आरोपियों ने बीयर की खाली बोतलों से दुकान के गेट पर लगा शीशा भी तोड़ दिया, जिससे दुकान को नुकसान पहुंचा। मारपीट में मुकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद महिला और उसके साथ आए लोग मौके से फरार हो गए।

    घटना की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं घायल मुकेश कुमार को नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने गंभीर चोटों के चलते उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।

    खबरें और भी

    घटना के बाद बाजार में काफी देर तक लोगों और व्यापारियों की भीड़ लगी रही। स्थानीय दुकानदारों ने बाजार के बीच इस तरह की हिंसक घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि खुलेआम दुकान में घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट की घटनाएं व्यापारियों में असुरक्षा की भावना पैदा कर रही हैं। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।