नारनौल के यात्रियों के लिए गुड न्यूज! जयपुर-भिवानी एक्सप्रेस और दिल्ली-रींगस डेमू ट्रेन अब नियमित
नारनौल और आसपास के यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। रेलवे ने जयपुर-भिवानी-जयपुर एक्सप्रेस और दिल्ली-रेवाड़ी-रींगस डेमू ट्रेन को नियमित कर दिया है। इससे ...और पढ़ें

नारनौल रेलवे स्टेशन। जागरण
HighLights
जयपुर-भिवानी एक्सप्रेस और दिल्ली-रींगस डेमू ट्रेन नियमित हुई।
नारनौल क्षेत्र के हजारों दैनिक यात्रियों को बड़ी राहत।
छात्रों, नौकरीपेशा और व्यापारियों को मिलेगी सीधी रेल सुविधा।
जागरण संवाददाता, नारनौल। रेलवे ने जयपुर-भिवानी-जयपुर एक्सप्रेस और दिल्ली-रेवाड़ी-रींगस डेमू ट्रेन को नियमित करने का निर्णय लिया है। इससे नारनौल व आसपास के क्षेत्रों के हजारों दैनिक यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
साथ ही दिल्ली के लिए एक और सीधी रेल सुविधा उपलब्ध होगी। दैनिक रेल यात्री संघ नारनौल के अनुसार ट्रेन संख्या 09733/09734 जयपुर-भिवानी-जयपुर एक्सप्रेस को अब नियमित कर दिया गया है।
यह ट्रेन जयपुर से भिवानी के लिए नियमित ट्रेन संख्या 59709 तथा वापसी में भिवानी से जयपुर के लिए 59710 नंबर के साथ संचालित होगी।
इसी प्रकार ट्रेन संख्या 09633/09634 रेवाड़ी-रींगस डेमू को भी नियमित कर दिया गया है। पहले यह ट्रेन दिल्ली से रेवाड़ी 74001 तथा रेवाड़ी से दिल्ली 74004 नंबर के साथ संचालित होती थी। अब इसका विस्तार रींगस तक कर दिया गया है।
इसके तहत यह ट्रेन दिल्ली से रींगस के लिए 74041 तथा वापसी में रींगस से दिल्ली के लिए 74042 नंबर के साथ नियमित रूप से चलेगी। दैनिक रेल यात्री संघ के प्रधान गणेश शर्मा ने बताया कि इन दोनों ट्रेनों को नियमित करने की मांग लंबे समय से की जा रही थी।
कई बार दिया ज्ञापन
इसके लिए रेलवे प्रशासन को कई बार ज्ञापन देकर यात्रियों की समस्याओं से अवगत कराया गया था। संघ पदाधिकारियों का कहना है कि इन ट्रेनों के नियमित संचालन से इस रूट पर यात्रा करने वाले विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को काफी सुविधा मिलेगी।
संघ ने इस निर्णय के लिए रेलवे प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि भविष्य में भी क्षेत्र के रेल यात्रियों की समस्याओं को उठाया जाता रहेगा, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
यह भी पढ़ें- रेवाड़ी-रींगस स्पेशल ट्रेन अब बनेगी नियमित पैसेंजर, यात्रियों ने दिल्ली तक विस्तार की उठाई मांग