नारनौल में अघोषित बिजली कटौती से उपभोक्ताओं में बढ़ी परेशानी, दो दिन में ही 1210 शिकायतें पहुंची
नारनौल में अघोषित बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से जनता परेशान है, पिछले दो दिनों में 1210 शिकायतें दर्ज की गई हैं। उपभोक्ताओं ने जिला उपायुक्त ...और पढ़ें

बिजली कटौती से उपभोक्ताओं में बढ़ी परेशानी। (AI Generated Image)
HighLights
नारनौल में दो दिन में 1210 बिजली शिकायतें दर्ज हुईं।
अघोषित कटौती और लो-वोल्टेज से लोग अत्यधिक परेशान।
उपभोक्ताओं ने जिला उपायुक्त से स्थायी समाधान की मांग की।
जागरण संवाददाता, नारनौल। जिले के गांवों और शहरों में अघोषित बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या ने आम जनता को अत्यधिक परेशान कर दिया है। पिछले दो दिनों में बिजली की वोल्टेज में उतार-चढ़ाव और अचानक हाई वोल्टेज की शिकायतें बिजली शिकायत केंद्रों पर बढ़ती जा रही हैं। शनिवार रात से रविवार शाम तक, लोगों को बिजली कटौती की समस्या का सामना करना पड़ा।
उपभोक्ताओं का कहना है कि बिजली कर्मचारी बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली कट लगा देते हैं, जिससे उन्हें घंटों तक बिजली का इंतजार करना पड़ता है। शनिवार से रविवार के बीच, बिजली उपभोक्ताओं ने आनलाइन 765 शिकायतें दर्ज करवाई हैं।
450 ऑफलाइन शिकायतें मिलीं
इसके अतिरिक्त, शहर के विभिन्न मोहल्लों से 450 आफलाइन शिकायतें भी प्राप्त हुई हैं। शिकायतें मोहल्ला पुरानी मंडी, दयानगर, शिवाजी नगर, किलारोड, मनु नगर, रविदास मंदिर मार्ग, नई सराय, मोहल्ला मीराजी, संघीवाडा, देवीलाल कॉम्प्लेक्स, बावडीपुर, सलामपुरा, शिव कालोनी सहित कई अन्य क्षेत्रों से आई हैं।
मोहल्ला पुरानी मंडी के निवासी सुभाषचंद, राजेश कुमार, संजय, मनोज, नीरज, सुरेश, योगेश और अन्य ने बताया कि शनिवार रात से बार-बार फाल्ट और जर्जर तारों के कारण चिंगारियां उठती रहती हैं। कई लोगों को रातभर बिना बिजली के गुजारना पड़ा।
खबरें और भी
उन्होंने कहा कि इन दो दिनों में न तो बारिश हुई और न ही कोई आंधी आई, फिर भी बिजली विभाग के कर्मचारी बिना मौसम के कई घंटों तक बिजली कट लगाते रहे। रात के समय वोल्टेज में उतार-चढ़ाव के कारण एसी और कूलर भी ठीक से काम नहीं कर पा रहे हैं।
कई मोहल्लों के लोग बिजली के ढीले तारों और खराब व्यवस्था से नाराज हैं। उन्होंने जिला उपायुक्त से स्थायी समाधान की मांग की है ताकि उन्हें बिजली कटौती की समस्या का सामना न करना पड़े।
शहर में चार शिकायत केंद्र स्थापित किए
सिंघाना रोड नारनौल बिजली शिकायत केंद्र पर राकेश, एक बिजली कर्मचारी, ने बताया कि कई बार हिसार से बिजली कट लगने के कारण समस्या उत्पन्न होती है। उपभोक्ताओं की शिकायतें मुख्यतः बिजली के तारों के टूटने और मीटर में आग लगने से संबंधित हैं।
बिजली विभाग ने शहर में चार शिकायत केंद्र स्थापित किए हैं, जिनमें सिंघाना रोड, निजामपुर रोड, किला रोड और रेलवे स्टेशन रोड शामिल हैं। सभी केंद्रों पर बिजली कर्मचारियों की टीमों की ड्यूटी निर्धारित की गई है। उपभोक्ताओं की शिकायतों के आधार पर समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।