मेवात में जहरीले केमिकल से तीन गायों की मौत, 40 से अधिक गोवंश बीमार; पुलिस जांच जारी
मेवात के तावडू स्थित गोयला गांव में कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे के पास जहरीला केमिकल युक्त पानी पीने से तीन गायों की मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक गोव ...और पढ़ें
-1770808271257_m.webp)
गोवंश के मरने और बीमार होने की सूचना पर पहुंचे स्थानीय लोग। जागरण
HighLights
तीन गायों की मौत, 40 से अधिक गोवंश बीमार।
जहरीले केमिकल युक्त पानी पीने से हुई घटना।
पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया।
संवाद सहयोगी, तावडू (मेवात)। मेवात में तावडू के गोयला गांव के निकट कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे और निर्माणधीन रेलवे लाइन के बीच एक गंभीर घटना सामने आई है।
जहरीले केमिकल युक्त पानी पीने से तीन गायों की मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक गोवंश की हालत गंभीर बनी हुई है। इस घटना से स्थानीय पशुपालकों में भारी रोष व्याप्त है।
इस जहरीले और केमिकलयुक्त पानी की बदबू से स्थानीय लोग और राहगीर भी बेहद प्रभावित हैं। इससे आंखों में जलन और गले में सांस लेने में भी दिक्कत लोगों को होने लगी है। खुले गड्ढे में भरे इस केमिकलयुक्त पानी पीने से दर्जनों पक्षी भी मर चुके हैं। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ितों ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि नौ फरवरी 2026 को सुबह करीब 11 बजे गांव कलियाका निवासी वहिद पुत्र नूरला, जुम्मा पुत्र नाजर और गोयला निवासी शाहरुख पुत्र आमीन अपनी गायों को चराने केएमपी रोड और आर्बिटल रेल कारिडोर के बीच ले गए थे। वाहिद के पास 50, जुम्मा के पास 80 और शाहरुख के पास 60 गायें थीं।
आरोप है कि एक अज्ञात वाहन चालक ने आर्बिटल रेल कॉरिडोर और केएमपी रोड के बीच के क्षेत्र में जहरीला केमिकल युक्त पानी डाल दिया। गायों ने इस दूषित पानी को पी लिया, जिसके परिणामस्वरूप 43 गायों पर असर हुआ। इनमें से तीन गोवंश की मौत हो गई और बाकी 40 गोवंश की तबीयत बिगड़ गई।
पीड़ित पशुपालक वाहिद ने मोहम्मदपुर अहीर थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें अज्ञात वाहन चालक की लापरवाही बताई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि गांव कलियाका और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में गोपालक रहते हैं, जिनके पास हजारों गोवंश हैं। ग्रामीणों ताहिर, इदरीस, जुहरदीन, अलीशेर, उम्मर नंबरदार, सद्दीक अब्बास, अख्तर, लीलू, जहीर आदि ने बताया कि जहरीला पदार्थ इतना जहरीला था कि इससे आंखों में जलन हो रही थी। गोवंश बेहोश होने लगीं और कई पक्षी भी मृत पाए गए।
खबरें और भी
ग्रामीणों का मानना है कि यह केमिकल किसी फैक्ट्री या कबाड़ से अवैध रूप से रात के समय फेंका गया है, जो नियमित रूप से होता रहता है। इस घटना से आसपास का वातावरण प्रभावित हुआ है और स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
इस घटना में दो गोवंश उनके मरे हैं और एक गोवंश पशुपालक वहीद का मरा है। अभी भी तीन दर्जन से अधिक गोवंश बीमार हालत में है। - जुम्मा, गोपालक
इस संबंध में पुलिस को दी गई शिकायत पर अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज हुआ है। प्रशासन ऐसे लोगों की जांच कर कड़ी कार्रवाई करें ताकि भविष्य में ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति ना हो। - वहीद, गोपालक
यह भी पढ़ें- नूंह में मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम ने की छापामारी, प्लांट संचालक को नोटिस जारी कर मांगा जवाब
केमिकल युक्त जहरीला पानी पीने से तीन गोवंश की मौत हो चुकी है, जबकि चार दर्जन के करीब गोवंश की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। पशुपालकों को जो नुकसान हुआ है, सरकार इसकी क्षतिपूर्ति करें। - ताहिर हुसैन, सरपंच कलियाकी
पीड़ितों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। केमिकल फेंकने वाले व्यक्ति का पता लगाया जा रहा है और जल्द ही उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। - रफीक अहमद, जांच अधिकारी