विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब राजस्थान तक का सफर होगा आसान, नगीना-तिजारा सड़क के लिए 7.25 करोड़ का नया टेंडर जारी

Published: Fri, 06 Nov 2026 12:50 PM (IST)

नूंह जिले की बहुप्रतीक्षित नगीना-तिजारा सड़क परियोजना के अधूरे काम को पूरा करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने 7.25 करोड़ रुपये का नया टेंडर जारी किया है।

मेवात की 'लाइफलाइन' का रास्ता साफ। (AI-Image)

मेवात की 'लाइफलाइन' का रास्ता साफ। (AI-Image)

HighLights

  1. नगीना-तिजारा सड़क परियोजना के लिए 7.25 करोड़ का नया टेंडर जारी।

  2. मेवात आरटीआई मंच के संघर्ष से अधूरी सड़क का काम होगा पूरा।

  3. यह सड़क हरियाणा-राजस्थान के 25 हजार परिवारों को जोड़ेगी, समय बचाएगी।

जागरण संवाददाता, नूंह। जिले के नगीना से राजस्थान को जोड़ने वाली क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित नगीना-तिजारा सड़क परियोजना को एक बार फिर से लोक निर्माण विभाग द्वारा 7.25 करोड़ रुपये की लागत का टेंडर जारी हुआ है। यह टेंडर लंबे समय बाद मेवात आरटीआई मंच के सहयोग से हो पाया है।

इससे नोटकी से राजस्थान सीमा तक करीब 4.35 किलोमीटर सड़क के अधूरे निर्माण को पूरा किया जाएगा। निर्माण कार्य की समय सीमा 12 महीने निर्धारित की गई है। निविदाएं जमा करने की अंतिम तारीख 18 नवंबर 2026 तय की गई है। उम्मीद की जा रही है कि जल्द इस अधूरी योजना पर काम शुरू हो जाएगा।

जिससे इसे पूरा होने पर लोगों को रिश्तेदारियों में आने जाने में समय की बचत के साथ साथ धन की भी बचत होगी। यह यहां के लोगों की एक महत्त्वपूर्ण मांग थी, जो कई वर्षों से अधूरी पड़ी हुई थी।

राष्ट्रीय शिशु जननी सुरक्षा योजना

बता दें कि एक जून 2011 को राष्ट्रीय शिशु जननी सुरक्षा योजना कार्यक्रम में हरियाणा के तत्कालीन मुख्यमंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कांग्रेस की तत्कालीन अध्यक्ष सोनिया गांधी की मौजूदगी में इसकी घोषणा की थी।

इसके बाद छह अगस्त 2014 को विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री हुड्डा ने दोबारा इसकी घोषणा की। वर्ष 2015 में भाजपा सरकार बनने के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने तीन दिसंबर 2015 को पुन्हाना विकास रैली में की गई घोषणा में इसे शामिल किया।

अगस्त 2018 में सड़क का निर्माण कार्य शुरू हुआ, लेकिन फरवरी 2020 में कोरोना महामारी के कारण काम रुक गया। इसके बाद 11 बार निविदा प्रक्रिया अपनाई गई। वर्ष 2025 में निविदा लेने वाली कंपनी ने भी काम करने से इनकार कर दिया।

7.25 करोड़ रुपये का नया टेंडर जारी

लगातार प्रयासों के बाद भौगोलिक सर्वे कराया गया और संशोधित परियोजना तैयार हुई। अब 7.25 करोड़ रुपये का नया टेंडर जारी होना क्षेत्र के लोगों के लंबे संघर्ष की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। मेवात आरटीआई मंच द्वारा इसको लेकर कई वर्षों से संघर्ष किया जा रहा है।

यह सड़क केवल आवागमन का रास्ता नहीं, बल्कि हरियाणा और राजस्थान के सामाजिक, पारिवारिक एवं आर्थिक रिश्तों को मजबूत करने वाली जीवनरेखा साबित होगी। जिससे नगीना, पिनगवां और पुन्हाना के अलावा राजस्थान के तिजारा, टपूकड़ा, भिवाड़ी और किशनगढ़ बास तक करीब 25 हजार परिवारों की रिश्तेदारियां हैं।

'वर्तमान में नगीना से तिजारा जाने के लिए फिरोजपुर झिरका होकर करीब 50 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता है, जबकि सीधा रास्ता लगभग 14 किलोमीटर है।'

- सबीला जंग, मौजी फाउंडेशन एवं समाजसेविका

'इसके अधूरे निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए टेंडर जारी हो चुका है, लेकिन अभी टेंडर अलाट नहीं हुआ है। अलाट होने के बाद काम शुरु कराया जाएगा।'

-प्रदीप संधू, कार्यकारी अभियंता लोक निर्माण विभाग

यह भी पढ़ें- मेवात में चालक की सूझबूझ से बचीं दो जिंदगियां, चलती बस में महिला ने दिया बेटे को जन्म

यह भी पढ़ें- मेवात में SDM के आदेश की उड़ीं धज्जियां, पुनहाना अनाज मंडी में आढ़तियों का कब्जा जारी; किसान परेशान


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।