विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मां की हत्या का बदला लेने के लिए युवक का मर्डर, पलवल के कैंप थाने में सरेंडर कर आरोपी ने कबूला जुर्म

Updated: Sun, 23 Aug 2026 12:07 PM (IST)

पलवल में पुरानी रंजिश के चलते 50 वर्षीय सुरेश की गोली और चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मुख्य आरोपी दुष्यंत ने 2023 में अपनी मां की हत्या का बदला लेने के लिए यह वारदात की और थाने में सरेंडर कर दिया।

पलवल में मां की हत्या का बदला लेने के लिए युवक की हत्या। जागरण

पलवल में मां की हत्या का बदला लेने के लिए युवक की हत्या। जागरण

HighLights

  1. पलवल में पुरानी रंजिश के चलते सुरेश की हत्या।

  2. मां की हत्या का बदला लेने के लिए वारदात को अंजाम।

  3. मुख्य आरोपी दुष्यंत ने कैंप थाने में किया आत्मसमर्पण।

जागरण संवाददाता, पलवल। पलवल के कैंप थाना अंतर्गत जवाहर नगर में पुरानी रंजिश के चलते 50 वर्षीय सुरेश की गोली और चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात के तुरंत बाद मुख्य आरोपी दुष्यंत उर्फ देवा लोड किए हुए देसी कट्टे और कारतूस के साथ कैंप थाने पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने वर्ष 2023 में स्पीड ब्रेकर को लेकर हुई अपनी मां की हत्या का बदला लेने के लिए इस खूनी वारदात को अंजाम दिया है। मृतक करीब 5 माह पहले ही इस हत्याकांड में जमानत पर बाहर आया था।

मृतक की पत्नी सुबिना द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 22 अगस्त की रात उनके पति घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान पड़ोसी दुष्यंत अपने मामा देवेंद्र, स्वजन जोनी, रवि, जयसिंह, आशा और निशा के साथ वहां आया।

Palwal Murder

आरोपी मौके से फरार

बताया कि आरोपी आते ही झगड़ा करने लगे। देखते ही देखते दुष्यंत और देवेंद्र ने सुरेश पर चाकू व गोली से जानलेवा हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। लहूलुहान अवस्था में परिजनों ने पुलिस की मदद से सुरेश को सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

खून से सने पत्थर, ईंटें बरामद 

घटना के कुछ ही देर बाद दुष्यंत खुद कट्टा और तीन कारतूस लेकर थाने पहुंचा और अपना जुर्म कबूल कर लिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची सीनआफ क्राइम टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर खून से सने पत्थर, ईंटें और खाली कारतूस का खोल बरामद किया।

यह भी पढ़ें- पलवल में किसान की गोली मारकर हत्या, खेत में लहूलुहान मिला शव; शरीर पर चोट के निशान

कैंप थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल के अनुसार, पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध हत्या सहित अन्य धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की सब-इंस्पेक्टर सुमित द्वारा जांच की जा रही है और अन्य फरार नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।