पलवल फ्लाईओवर पर दर्दनाक हादसा, नाबालिग स्कूटी सवार की लापरवाही से दो लोगों की मौत
पलवल में दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर एलिवेटेड फ्लाईओवर पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। गलत दिशा से आ रहे नाबालिग ...और पढ़ें
-1787138672701_m.webp)
नाबालिग स्कूटी सवार की लापरवाही से पलवल में दो लोगों की मौत।
HighLights
नाबालिग स्कूटी चालक की गलत दिशा में ड्राइविंग से हादसा।
पलवल एलिवेटेड फ्लाईओवर पर स्कूटी-बाइक की भीषण टक्कर।
हादसे में स्कूटी चालक और बाइक सवार दोनों की मौत।
जागरण संवाददाता, पलवल। शहर में दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित एलिवेटेड फ्लाईओवर पर स्कूटी चालक और बाइक चालक की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा स्कूटी चला रहे नाबालिग की लापरवाही के कारण हुआ, जो गलत दिशा से वाहन चला रहा था।
पुलिस ने दोनों शवों के पोस्टमार्टम करवाकर स्वजन को सौंप दिए हैं। शेखपुरा (पलवल) निवासी सुभाष चंद जैन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 18 अगस्त की रात करीब आठ बजे उनका 17 वर्षीय पोता तन्मय जैन अपनी स्कूटी से एलिवेटेड फ्लाईओवर से गुजर रहा था।
जैसे ही वह सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पास पहुंचा, तो होडल की तरफ से आ रही एक बाइक में सामने से टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कूटी सवार नाबालिग गलत दिशा से आ रहा था, जिसके चलते दोनों वाहनों का संतुलन बिगड़ गया और यह भयानक हादसा हुआ।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इसके बाद दोनों वाहन मौके से गुजर रही एक बस से भी जा टकराए, जिससे बस भी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ी। हालांकि, गनीमत रही कि बस में मौजूद निजी कंपनी के कर्मियों में से किसी को चोट नहीं आई।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
दुर्घटना के तुरंत बाद दोनों गंभीर रूप से घायलों को इलाज के लिए पलवल के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने स्कूटी चालक तन्मय जैन को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल भरतपुर (राजस्थान) के अजान गांव के रहने वाले 45 वर्षीय बाइक सवार श्याम बाबू को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में लेकर मामले की आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें- पलवल में गर्भवती महिला, नाबालिग और विधवा पर चाकू-सरिये से हमला, जांच में जुटी पुलिस
