पलवल वालों की बल्ले-बल्ले, विकास कार्यों पर खर्च होंगे करोड़ों रुपये; मंत्री ने किया शिलान्यास
खेल एवं कानून राज्य मंत्री गौरव गौतम ने पलवल में 3.5 करोड़ रुपये के दीनबंधु चौधरी छोटूराम सामुदायिक भवन सहित विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। ...और पढ़ें
-1785140005096_m.webp)
गौरव गौतम ने रखी चौधरी छोटूराम सामुदायिक भवन की आधारशिला रखी। जागरण
HighLights
खेल मंत्री गौरव गौतम ने पलवल में विकास कार्यों का शिलान्यास किया।
साढ़े तीन करोड़ की लागत से बनेगा दीनबंधु चौधरी छोटूराम सामुदायिक भवन।
हरियाणा सरकार संतुलित विकास और गुणवत्ता पर दे रही है जोर।
जागरण संवाददाता, पलवल। हरियाणा सरकार में खेल एवं कानून राज्य मंत्री गौरव गौतम ने रविवार को नगर परिषद पलवल द्वारा निर्मित की जाने वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया।
उन्होंने पलवल शहर के वार्ड नंबर तीन में चौधरी छोटूराम सामुदायिक भवन में चार दीवारी व भरत के कार्य सहित सडक़ एवं नाली निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। इस दौरान नगर परिषद अध्यक्ष डा यशपाल, कर्मबीर सिंह दलाल, दीपचंद पार्षद भी मौजूद थे।
सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश के शहरों और गांवों के संतुलित एवं समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य केवल नई विकास परियोजनाएं शुरू करना ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक तक मूलभूत सुविधाओं का लाभ समय पर पहुंचाना भी है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, सीवरेज, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, स्वच्छता और अन्य आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है, जिससे लोगों के जीवन स्तर में निरंतर सुधार हो सके।
हर नागरिक को मिलेगा योजना का लाभ
खेल राज्य मंत्री ने कहा कि सरकार विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और तय समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि जनता को योजनाओं का लाभ बिना किसी अनावश्यक देरी के मिल सके।
खबरें और भी
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की नियमित समीक्षा की जा रही है और अधिकारियों को जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार जनकल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है और विकास की यह गति आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार की जनहितकारी नीतियों और विकासोन्मुखी सोच से हरियाणा में प्रगति के नए आयाम स्थापित होंगे।
साढ़े तीन करोड़ रुपये की आएगी लागत
लगभग साढ़े तीन करोड़ रुपये की लागत से दीनबंधु चौधरी छोटूराम सामुदायिक भवन का निर्माण होगा। प्रथम चरण में एक करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कार्य शुरू किया जा रहा है, जबकि द्वितीय चरण में लगभग ढाई करोड़ रुपये की लागत से शेष निर्माण कार्य पूर्ण कराया जाएगा।
नगर परिषद चेयरमेन डा. यशपाल के अनुसार, यह सामुदायिक भवन सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं सार्वजनिक आयोजनों के लिए एक आधुनिक केंद्र के रूप में विकसित होगा। भवन में नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे क्षेत्र के हजारों लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
राजा दक्ष प्रजापति जयंती समारोह में की शिरकत
इससे पहले गौरव गौतम रविवार को पलवल के पुराना जीटी रोड स्थित प्रजापति धर्मशाला में प्रजापति धर्मशाला सेवा समिति की ओर से आयोजित किए गए राजा दक्ष प्रजापति जयंती समारोह का बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे।
उन्होंने कहा कि संत और महापुरुष किसी एक जाति, धर्म या वर्ग तक सीमित नहीं होते, बल्कि उनका जीवन और विचार सम्पूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत होते हैं। उनके आदर्श प्रेम, सेवा, समानता, सद्भाव और मानवता का संदेश देते हुए सनातन संस्कृति को मजबूत करने का काम करते हैं।