Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पलवल में जंगल में बुलाकर जानलेवा हमला, हवाई फायरिंग करने वाला किशोर पिस्तौल सहित दबोचा

    Updated: Mon, 22 Jun 2026 10:36 AM (GMT+05:30)

    पलवल के हथीन थाना क्षेत्र में एक किशोर ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर प्रिंस और उसके साथियों पर जानलेवा हमला किया और हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाई। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. पलवल के जंगल में किशोरों पर हुआ जानलेवा हमला।

    2. मुख्य आरोपित ने अवैध पिस्तौल से की हवाई फायरिंग।

    3. राहगीर अजय ने साहस से आरोपित को पिस्तौल सहित पकड़ा।

    जागरण संवाददाता, पलवल। हथीन थाना अंतर्गत जंगल में बुलाकर जानलेवा हमला करने और अवैध हथियारों से हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने का मामला सामने आया है। वारदात के दौरान वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने साहस का परिचय देते हुए मुख्य किशोर आरोपित को अवैध पिस्तौल समेत मौके पर ही दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपित सहित कई नामजद व अन्य युवकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।

    पुलिस को दी गई शिकायत में स्यारौली गांव के रहने वाले राहुल ने बताया कि उनका बेटा प्रिंस अपने दोस्तों गौतम, निशांत और भारत के साथ गांव में ही खेल रहा था। इसी दौरान निशांत के मोबाइल पर उसके एक किशोर दोस्त का फोन आया। किशोर ने निशांत और उसके साथियों को मिंडकौला के जंगल में मिलने के लिए बुलाया।

    जब प्रिंस और उसके दोस्त मिंडकौला के जंगल में पहुंचे, तो वहां पहले से ही आरोपित किशोर अपने कई साथियों के साथ घात लगाए बैठा था। शिकायतकर्ता के अनुसार जंगल में पहुंचते ही आरोपितों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान मुख्य किशोर आरोपित ने अपनी जेब से एक पिस्तौल निकाली और हवा में फायरिंग कर दी। आरोपित ने जान से मारने की धमकी भी दी।

    जब यह खूनी संघर्ष और फायरिंग चल रही थी, तभी उसी रास्ते से अजय नामक युवक गुजर रहा था। झगड़ा होते देख जैसे ही वह आगे बढ़ा, आरोपित वहां से भागने लगे। अजय ने बिना डरे भाग रहे किशोर आरोपित को पीछा करके पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्तौल बरामद हुई। अजय तुरंत आरोपित को पिस्तौल सहित मिंडकौला पुलिस चौकी ले आया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया।