पलवल में ग्राहक सेवा केंद्र चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार; 1.80 लाख रुपये बरामद
पलवल पुलिस ने ग्राहक सेवा केंद्र और पास की दुकान से नकदी व मोबाइल चोरी करने वाले युवक सैकुल को गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

आरोपी गिरफ्तार। जागरण
HighLights
ग्राहक सेवा केंद्र से 1.80 लाख रुपये की चोरी हुई थी।
उटावड़ पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से आरोपी सैकुल को पकड़ा।
चोरी की पूरी नकदी और मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया।
जागरण संवाददाता, पलवल। उटावड़ थाना पुलिस ने ग्राहक सेवा केंद्र का ताला तोड़कर नकदी चोरी करने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से चोरी की गई पूरी राशि 1,80,000 रुपये नकद और चोरी का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।
आरोपित को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। थाना उटावड़ पुलिस प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 30 जून 2026 को उटावड़ गांव के रहने वाले इरफान ने एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि वह नूंह-होडल रोड पर उटावड़ मोड़ के पास बैंक आफ बड़ौदा का ग्राहक सेवा केंद्र चलाते हैं।
घटना वाले दिन इरफान अपनी दुकान के कैश काउंटर की दराज में 1,80,000 की नकदी रखकर कुछ समय के लिए पास की ही एक दूसरी दुकान पर गए थे। जब वह वापस लौटे तो उनके होश उड़ गए।
पास की दुकान से भी चुराया गया था पैसा
काउंटर की दराज टूटी हुई थी और उसमें रखे सारे रुपये गायब थे। इतना ही नहीं, चोर ने पास में स्थित समीम खान की दुकान का काउंटर भी तोड़कर वहां से भी रुपये और एक मोबाइल फोन चोरी कर लिया था। चोरी की इस वारदात के बाद पुलिस ने मुस्तैदी से जांच शुरू की।
घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और स्थानीय खुफिया तंत्र की मदद ली गई। जांच और फुटेज के आधार पर आरोपित की पहचान भीमसीका के रहने वाले सैकुल के रूप में हुई।
उटावड़ थाना पुलिस ने जाल बिछाकर सैकुल को गिरफ्तार कर लिया। जांच टीम ने आरोपित को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया।
रिमांड के दौरान कड़ी पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर चोरी की गई पूरी रकम और चोरी हुआ मोबाइल फोन बरामद कर लिया। सात जुलाई पुलिस रिमांड खत्म होने पर अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया गया है।