Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पलवल में वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़: शातिर बाइक चोर और कबाड़ी गिरफ्तार, भारी मात्रा में कटे हुए पार्ट्स बरामद

    Updated: Fri, 10 Jul 2026 03:58 PM (IST)

    पलवल पुलिस ने वाहन चोरी के एक संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए एक शातिर बाइक चोर और चोरी के वाहन खरीदने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

    पुलिस की गिरफ्त में वाहन चोर गैंग। जागरण

    पुलिस की गिरफ्त में वाहन चोर गैंग। जागरण

    HighLights

    1. पलवल पुलिस ने वाहन चोरी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया।

    2. एक शातिर बाइक चोर और कबाड़ी को गिरफ्तार किया गया।

    3. चोरी की मोटरसाइकिलें और भारी मात्रा में स्पेयर पार्ट्स बरामद।

    जागरण संवाददाता, पलवल। पलवल पुलिस ने वाहन चोरी के संगठित नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर बाइक चोर और चोरी के वाहन खरीदकर उन्हें काटने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार किया है।

    सीआईए स्टाफ पलवल ने आरोपितों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें, एक मोटरसाइकिल रिक्शा और भारी मात्रा में कटे हुए स्पेयर पार्ट्स बरामद किए हैं। पुलिस को आशंका है कि बरामद सामान कई अन्य वाहन चोरी की वारदातों से जुड़ा हो सकता है।

    पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, गांव दिघोट निवासी जगत ने 8 जुलाई को हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी से अपनी बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत थाना शहर पलवल में दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल के निर्देश पर जांच सीआईए स्टाफ पलवल को सौंपी गई।

    हेड कांस्टेबल पवन कुमार के नेतृत्व में एएसआई श्रीचंद, अशोक कुमार, अजीत सिंह और मुख्य सिपाही मनोज भाटी की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर किठवाड़ी चौक से मुख्य आरोपित हेमंत (मूल निवासी बहजोही, जिला संभल, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी राजीव नगर, पलवल) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसकी निशानदेही पर शिकायतकर्ता की चोरी हुई बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई।

    'चोरी की मोटरसाइकिलें कबाड़ी को बेचता था'

    पुलिस रिमांड के दौरान हेमंत ने खुलासा किया कि वह चोरी की मोटरसाइकिलें राजीव नगर निवासी कबाड़ी जितेंद्र को बेचता था। इसके बाद पुलिस ने जितेंद्र को भी गिरफ्तार कर उसके अलावलपुर स्थित कबाड़ गोदाम पर छापा मारा।

    खबरें और भी

    छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो चोरी की मोटरसाइकिलें, एक मोटरसाइकिल रिक्शा, एक बाइक इंजन, 10 तेल की टंकियां, तीन हेडलाइट, तीन सीट कवर, छह हैंडल, दो बैक कैरियर, 10 टायर (व्हील सहित), 10 अलॉय व्हील, छह साइलेंसर, 13 शाकर, तीन मोटरसाइकिल चेसिस तथा नौ कट्टों में भरे मोटरसाइकिलों के कटे हुए विभिन्न स्पेयर पार्ट्स बरामद किए।

    दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद वाहन और स्पेयर पार्ट्स किन-किन चोरी की वारदातों से जुड़े हैं।

    पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने सीआईए स्टाफ की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और वाहन चोरी करने वाले गिरोहों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।