Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पलवल में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो नाले में गिरी, एक युवक की मौत; ड्राइवर पर केस दर्ज

    Updated: Fri, 24 Jul 2026 06:35 AM (GMT+05:30)

    पलवल में हथीन रोड पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर गंदे नाले में गिर गई, जिससे एक युवक कुलदीप सिंह की मौत हो गई और चालक नरेंद्र घायल हो गया। प ...और पढ़ें

    तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर गंदे नाले में कूद गई।

    तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर गंदे नाले में कूद गई।

    HighLights

    1. तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पलवल में गंदे नाले में गिरी।

    2. हादसे में कुलदीप सिंह की दुखद मौत, चालक घायल।

    3. लापरवाही से वाहन चलाने पर चालक नरेंद्र पर मुकदमा।

    जागरण संवाददाता, पलवल। शहर थाना अंतर्गत पलवल-हथीन रोड पर बुधवार रात को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर गंदे नाले में कूद गई। हादसे में कार में सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि कार चला रहा युवक घायल हो गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार दोपहर मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर स्वजन को सौंप दिया है।

    हथीन गेट चौक प्रभारी शेर सिंह के अनुसार मामले में गेलपुर गांव के रहने वाले तेजवीर सिंह ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि 22 जुलाई की रात करीब 11 बजे वे अपनी गाड़ी से हथीन रोड से अपने घर लौट रहे थे। उनके ठीक आगे उनके ही गांव का नरेंद्र स्कार्पियो को चला रहा था। उस स्कार्पियो में तेजवीर का छोटा भाई कुलदीप सिंह भी बैठा हुआ था।

    तेजवीर के अनुसार, हथीन मोड़ के पास तेज रफ्तार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गंदे नाले में जा पलटी। हादसा होते ही चालक नरेंद्र नाले से बाहर निकल आया। पीछे से आ रहे तेजवीर ने तुरंत अपनी कार साइड में खड़ी की और शोर मचाया। आसपास के राहगीरों की मदद से स्कार्पियो का पिछला शीशा तोड़कर नाले में डूबे कुलदीप को बाहर निकाला गया।

    कुलदीप को तुरंत पलवल के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। तेजवीर का आरोप है कि उसके भाई की मौत नरेंद्र द्वारा की गई लापरवाही और तेज रफ्तार से कार चलाने के कारण हुई है। पुलिस ने इस मामले में नरेंद्र के विरुद्ध लापरवाही से सड़क हादसे करने का मुकदमा दर्ज किया है।

    नाले पर दीवार होती तो शायद बच जाती कुलदीप की जान

    यह हादसा हथीन मोड़ से सोहना की ओर जाने वाले तीव्र मोड़ पर हुआ। यहां पलवल शहर से भी रास्ता आकर मिलता है। तीन रास्तों के इस चौक समीप सड़क किनारे बने आठ से दस फीट गहरा नाला है। लेकिन इस नाले पर कोई सुरक्षा दीवार नहीं थी। लोगों का कहना है कि यदि नाले पर दीवार होती तो शायद कुलदीप की जान बच जाती।

    यह भी पढ़ें- पलवल में CM फ्लाइंग की रेड, सुबह सवा 8 बजे तक भी स्कूल से गायब मिले शिक्षक; मिड-डे मील में मिलीं खामियां

    खबरें और भी