विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पलवल में विजिलेंस की रेड, क्रेटा कार छुड़वाने के नाम पर रिश्वत ले रहा CIA का SI रंगे हाथ गिरफ्तार

Published: Wed, 21 Oct 2026 08:05 PM (GMT+05:30)

पलवल में रेवाड़ी विजिलेंस टीम ने सीआईए होडल के सब-इंस्पेक्टर सिराजुद्दीन को 5,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार ...और पढ़ें

पलवल में रिश्वत लेते सीआईए का एसआई गिरफ्तार। फोटो: आर्काइव

पलवल में रिश्वत लेते सीआईए का एसआई गिरफ्तार। फोटो: आर्काइव

जागरण संवाददाता, पलवल। रेवाड़ी विजिलेंस की टीम ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए पलवल जिले के सीआईए होडल में तैनात सब-इंस्पेक्टर सिराजुद्दीन को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। सब-इंस्पेक्टर को पलवल के कोर्ट परिसर से पकड़ा गया है।

क्रेटा छुड़वाने के लिए मांगी रिश्वत

मिली जानकारी के अनुसार, थाना बहीन में बीती 18 अक्टूबर को अवैध हथियारों से संबंधित मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस ने दो अवैध कट्टों के साथ नूंह के समसाबाद खेचातान निवासी शमशुदीन और बिसमाउल को सफेद रंग की क्रेटा सहित पकड़ा था।

मामले के अनुसंधान अधिकारी सब-इंस्पेक्टर सिराजुद्दीन ने आरोपी की कानूनी प्रक्रिया में मदद करने तथा जब्त की गई क्रेटा कार को छुड़वाने के बदले 10,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। आरोपी पुलिसकर्मी पहले ही आरोपी के स्वजन से पांच हजार रुपये ले चुका था और बाकी की मांग कर रहा था।

शिकायत के बाद बिछाया ट्रैप

रिश्वत की रकम से परेशान होकर आरोपियों के स्वजन ने इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो रेवाड़ी यूनिट से की। शिकायत के आधार पर निरीक्षक संतराम के नेतृत्व में एक विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया।

कार्रवाई के दौरान निष्पक्षता और कानूनी प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए नगर परिषद रेवाड़ी के सचिव सुमित को बतौर राजपत्रित अधिकारी टीम में शामिल किया गया।

जैसे ही शिकायतकर्ता ने शेष पांच हजार रुपये सब-इंस्पेक्टर सिराजुद्दीन को दिए, टीम ने दबिश देकर उसे रंगे हाथ दबोच लिया। इस संदर्भ में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत थाना फरीदाबाद में मामला दर्ज कर लिया गया है।

यह भी पढ़ें- पलवल में अफसरों की खींचतान में फंसी जनता, दूषित पानी और बदबू से जीना दुश्वार; सता रहा बीमारियों का डर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।