Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पलवल में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने दो मासूमों को कुचला, घटना से पूरे गांव में पसरा मातम

    Updated: Fri, 17 Jul 2026 06:17 PM (IST)

    पलवल के गुरवाड़ी गांव में खेत में खाना ले जा रहे दो मासूम बच्चों को एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर ...और पढ़ें

    घटना के बाद गमजदा परिजन। जागरण

    घटना के बाद गमजदा परिजन। जागरण

    जागरण संवाददाता, पलवल। पलवल में चांदहट थाना अंतर्गत गुरवाडी गांव में खेत में पशु चरा रहे स्वजन के लिए खाना लेकर जा रहे दो मासूम बच्चों को एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बेरहमी से कुचल दिया। हादसे में गंभीर चोटें लगने के कारण दोनों बच्चों की मौत हो गई।

    पुलिस ने मृत बच्चों के स्वजन की शिकायत पर नामजद ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी गई शिकायत में गुरवाडी के रहने वाले पीड़ित खुशीराम ने बताया कि 15 जुलाई को वह अपने भतीजे राजू और विष्णु के साथ नगंला गुरवाडी से आगे खेतों में भैंस चरा रहा था।

    जोरदार टक्कर मारी

    बताया कि दोपहर के समय उसका आठ वर्षीय बेटा योगेश और विष्णु का 17 वर्षीय भाई हिमांशु दोनों घर से स्वजन के लिए दोपहर का खाना लेकर आ रहे थे। जब दोनों बच्चे खाना लेकर सड़क पर पैदल चल रहे थे, तभी सामने से तेज रफ्तार ट्रैक्टर आया। उसने दोनों बच्चों को सीधी और जोरदार टक्कर मार दी और वहां से भागने लगा।

    हादसा होते ही खेत में मौजूद स्वजन बच्चों की तरफ दौड़े। इस दौरान खुशीराम के भतीजे राजू ने भाग रहे ट्रैक्टर चालक को पहचान लिया। आरोपित की पहचान चांदहट गांव के रहने वाले कुलदीप उर्फ टुल्ली के रूप में हुई है।

    खबरें और भी

    डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

    स्वजन ने दोनों गंभीर रूप से घायल बच्चों को आनन-फानन में उठाया और तुरंत पलवल के सरकारी अस्पताल लेकर भागे। लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डाक्टरों ने जांच के बाद दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।

    यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे पर खौफनाक हादसा, टेंपो में लदा सरिया कार ड्राइवर के आर-पार; मौके पर ही मौत

    चांदहट थाना प्रभारी श्रीभगवान के अनुसार, मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपित चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतक बच्चों के शवों के पोस्टमार्टम करवाकर स्वजन को सौंप दिए गए हैं।