विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पलवल में सूदखोरों से तंग आकर युवक ने खाया जहर, 30 लाख का कर्ज बनाया ₹1.5 करोड़; जांच में जुटी पुलिस

Published: Tue, 18 Aug 2026 04:33 PM (IST)

पलवल के चिरवाड़ी गांव में सूदखोरों की मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर 32 वर्षीय युवक हरेन्द्र ने जहरीला पदार्थ निगलकर ...और पढ़ें

पलवल में सूदखोरों से परेशान होकर युवक ने जहरीला पदार्थ निगला। (एआई जेनरेटेड इमेज)

पलवल में सूदखोरों से परेशान होकर युवक ने जहरीला पदार्थ निगला। (एआई जेनरेटेड इमेज)

जागरण संवाददाता, पलवल। चांदहट थाना अंतर्गत चिरवाड़ी गांव में सूदखोरों की मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर 32 वर्षीय युवक ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। गंभीर अवस्था में युवक को नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां से डाक्टरों ने उसे निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

इस मामले में आत्महत्या करने वाला युवक का वीडियो में इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसमें वह सूदखोरों को जिम्मेदार ठहराया है। पीड़ित हरेन्द्र के छोटे भाई बलजीत के अनुसार, उनके पिता स्वर्गीय गोविंद राम ने करीब सात साल पहले गांव के ही कुछ लोगों से अपनी दो एकड़ जमीन गिरवी रखकर लगभग 30 लाख रुपये ब्याज पर लिए थे।

आरोपितों ने मनमाना चक्रवृद्धि ब्याज लगाना शुरू कर दिया

परिवार का आरोप है कि शुरुआती समय में नियमित ब्याज चुकाया जा रहा था, लेकिन बाद में आरोपितों ने मनमाना चक्रवृद्धि ब्याज लगाना शुरू कर दिया। कर्ज और प्रताड़ना के तनाव में पिता को ब्रेन हेमरेज हो गया और दिसंबर 2025 में उनका निधन हो गया। इसके बाद हरेन्द्र ने परिवार की जिम्मेदारी संभाली।

ब्याज मिलाकर करीब डेढ़ करोड़ करोड़ रुपये बना दिया

अप्रैल 2026 में परिवार ने हिसाब चुकता करने की पहल की, जिसके लिए 42 गांवों की तेवतिया पाल की पंचायत सहित कुल छह पंचायतें हुईं। पंचायत में आरोपितों ने 30 लाख रुपये का हिसाब ब्याज मिलाकर करीब डेढ़ करोड़ करोड़ रुपये बना दिया। रकम चुकाने के लिए पीड़ित परिवार ने अपनी एक एकड़ जमीन तक बेच दी, लेकिन आरोपितों ने और अधिक ब्याज की मांग करते हुए जमीन पर कब्जा करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।

बैंक के कलेक्शन विभाग में कार्यरत हरेन्द्र की करीब चार महीने पहले ही शादी हुई थी। सोमवार शाम को कमरे से निकलने के बाद उसकी मां को गिलास से बदबू आई। इसी बीच स्वजन ने हरेन्द्र का भेजा गया वीडियो देखा, जिसमें वह जहर पीता नजर आ रहा था। स्वजन ने यह भी आरोप लगाया कि कर्जदाता उसे पहले भी गोली मारने की धमकियां दे चुके थे।

जांच के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी

मामले की जानकारी देते हुए चांदहट थाना प्रभारी श्री भगवान ने बताया कि घटना पैसों के लेन-देन के विवाद से जुड़ी है। पुलिस को दी गई शिकायत में प्रेमराज, सोनू, हेमराज और महेश को नामजद किया गया है, जिन पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- पलवल में रेलवे ओवरब्रिज पर हादसा, तेज रफ्तार कार की टक्कर से बुजुर्ग की मौत; बेटा गंभीर रूप से घायल