हरियाणा में 10 IAS और 10 HCS अधिकारियों के ट्रांसफर, अब खेल विभाग भी संभालेंगी अमनीत पी कुमार
हरियाणा सरकार ने एक बड़े प्रशासनिक फेरबदल में दस आईएएस और दस एचसीएस अधिकारियों के स्थानांतरण और नियुक्ति आदेश जारी किए हैं।

हरियाणा में दस आईएएस और दस एचसीएस अधिकारियों का स्थानांतरण।
HighLights
हरियाणा में 10 आईएएस और 10 एचसीएस अधिकारियों का तबादला
सतबीर सिंह को रोहतक का नया उपायुक्त नियुक्त किया गया
कई अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां और नई पोस्टिंग मिली
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में प्रदेश सरकार ने दस आईएएस और दस एचसीएस अधिकारियों के स्थानांतरण एवं नियुक्ति आदेश जारी किए हैं। आयुष्मान भारत-हरियाणा स्वास्थ्य संरक्षण प्राधिकरण के सीईओ सतबीर सिंह को रोहतक का उपायुक्त लगाया गया है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के आयुक्त तथा हरियाणा मेडिकल सर्विसेज कारपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक मनोज कुमार को आयुष्मान भारत-हरियाणा स्वास्थ्य संरक्षण प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।
पशुपालन एवं डेयरी विभाग की विशेष सचिव, हरियाणा राज्य महिला आयोग की सदस्य सचिव तथा हरियाणा महिला विकास निगम की प्रबंध निदेशक प्रतिमा चौधरी को हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सचिव का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने जारी किया आदेश
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की ओर से जारी आदेश में कई अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां दी गई हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को रिक्त पदों पर तैनात किया गया है। स्कूल शिक्षा विभाग और पशुपालन विभाग के प्रधान सचिव से खेल विभाग वापस लेकर नागरिक उड्डयन विभाग के प्रधान सचिव का जिम्मा दिया गया है।
इस पद से 1991 बैच की आईएएस अधिकारी जी अनुपमा को कार्यमुक्त किया गया है। 2001 बैच की आईएएस अधिकारी अमनीत पी. कुमार, जो भविष्य के लिए विभाग और विदेश सहयोग विभाग की प्रधान सचिव हैं, को वर्तमान कार्यों के अतिरिक्त खेल विभाग के प्रधान सचिव का दायित्व सौंपा गया है।
2008 बैच के आईएएस अधिकारी राजीव रत्तन को उनके वर्तमान कार्यों के अतिरिक्त विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग का महानिदेशक बनाया गया है। इस पद से 2019 बैच के आईएएस अधिकारी जयदीप कुमार को कार्यमुक्त किया गया है। 2009 बैच की आईएएस अधिकारी शरनदीप कौर बराड़, जो केंद्र सरकार से लौट रही हैं, को हरियाणा स्टेट वेयरहाउसिंग कारपोरेशन लिमिटेड का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। यह पद रिक्त था।
यह भी पढ़ें- हरियाणा में तीन IAS अधिकारियों के तबादले, सतबीर सिंह बने रोहतक के नए डीसी
2014 बैच के आईएएस अधिकारी मुनीष शर्मा को एचएसवीपी पंचकूला का प्रशासक (मुख्यालय) लगाया गया है। यह पद भी रिक्त था। 2020 बैच के आईएएस अधिकारी दीपक बाबूलाल करवा को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी का सचिव नियुक्त किया गया है। यह जिम्मेदारी मुनीष शर्मा से ली गई है।
एचसीएस अधिकारियों में 2013 बैच की ममता को अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) तथा हरियाणा परिवार पहचान प्राधिकरण की अतिरिक्त सीईओ नियुक्त किया गया है। 2013 बैच की मीनाक्षी राज को राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की संयुक्त सचिव के साथ मानिटरिंग एवं कोआर्डिनेशन सेल में संयुक्त सचिव तथा समाधान प्रकोष्ठ देखने की जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें भूमि जोत चकबंदी एवं भू-अभिलेख विभाग की अतिरिक्त निदेशक भी बनाया गया है।
2013 बैच के वीरेंद्र चौधरी को शहरी स्थानीय निकाय विभाग का अतिरिक्त निदेशक नियुक्त किया गया है। 2016 बैच के दीपक कुमार को आयुष हरियाणा का संयुक्त निदेशक (प्रशासन) लगाया गया है। 2020 बैच के जीतेंद्र जोशी को उच्च शिक्षा विभाग में संयुक्त निदेशक (प्रशासन) और उच्च शिक्षा विभाग में उप सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
2020 बैच के दर्शन यादव को नगर निगम मानेसर का संयुक्त आयुक्त बनाया गया है। जय प्रकाश को हरियाणा भवन नई दिल्ली का संयुक्त रेजिडेंट कमिश्नर नियुक्त किया गया है। गुलजार मलिक को जिला परिषद कैथल का सीईओ और डीआरडीए कैथल का सीईओ लगाया गया है। इस पद से सुरेश रावेश को कार्यमुक्त किया गया है।
2022 बैच के नीरज शर्मा को मौलिक शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक (प्रशासन) तथा हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग का सचिव (कानूनी) नियुक्त किया गया है। इस व्यवस्था में जीतेंद्र जोशी को उनके पूर्व दायित्व से कार्यमुक्त किया गया है।
2023 बैच के लोकेश को मानेसर में संयुक्त उपमंडलीय अधिकारी (सिविल) लगाया गया है, जबकि यह जिम्मेदारी पहले दर्शन यादव के पास थी। सुरेश रावेश की नई पोस्टिंग के आदेश बाद में जारी किए जाएंगे। उन्हें मुख्य सचिव कार्यालय में ज्वाइनिंग रिपोर्ट देने को कहा गया है।
