अंबाला, पंचकूला और सोनीपत निगमों के चुनाव लड़ेगी आम आदमी पार्टी, 10 मई को होंगे इलेक्शन
आम आदमी पार्टी ने हरियाणा के शहरी निकाय चुनावों में उतरने की घोषणा की है। पार्टी अंबाला, पंचकूला और सोनीपत नगर निगमों में अपने सिंबल पर चुनाव लड़ेगी। ...और पढ़ें

अंबाला, पंचकूला और सोनीपत निगमों के चुनाव लड़ेगी आम आदमी पार्टी (Jagran Photo)
HighLights
आप अंबाला, पंचकूला, सोनीपत नगर निगम चुनाव लड़ेगी।
पार्टी हरियाणा में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करेगी।
दिल्ली-पंजाब मॉडल पर विकास मुख्य चुनावी मुद्दा।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के शहरी निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी ने भी उतरने की घोषणा की है। आम आदमी पार्टी राज्य में अंबाला, पंचकूला और सोनीपत नगर निगमों के चुनाव पार्टी सिंबल पर लड़ेगी। बाकी शहरी निकायों के चुनाव को लेकर पार्टी ने फैसला कार्यकर्ताओं पर छोड़ दिया है।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल से उनके दिल्ली आवास पर मुलाकात करने के बाद आप हरियाणा के अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने तीनों नगर निगमों के चुनाव लड़ने की घोषणा की। बैठक में न केवल निकाय चुनाव बल्कि हरियाणा की राजनीतिक स्थिति और संगठनात्मक मजबूती पर भी चर्चा हुई।
डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि पार्टी इस बार निकाय चुनावों को हल्के में नहीं ले रही है, बल्कि इसे हरियाणा में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने के बड़े अवसर के रूप में देख रही है। नगर निगमों से लेकर वार्ड स्तर तक ईमानदार, शिक्षित और जमीनी उम्मीदवारों को टिकट दिए जाएंगे, जिससे स्थानीय निकायों में पारदर्शी और जवाबदेह शासन स्थापित हो सकेगा।
बुनियादी सुविधाओं पर ध्यान नहीं दिया: डॉ. सुशील गुप्ता
उन्होंने भाजपा और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि दोनों दलों ने वर्षों तक जाति और धर्म की राजनीति कर जनता को भ्रमित किया है, जबकि बुनियादी सुविधाओं पर ध्यान नहीं दिया। अब प्रदेश की जनता विकल्प तलाश रही है और आम आदमी पार्टी उस भरोसेमंद विकल्प के रूप में तेजी से उभर रही है।
खबरें और भी
डॉ. सुशील गुप्ता के अनुसार ‘दिल्ली-पंजाब माडल’ को आगे रखते हुए ‘आप’ ने इस चुनाव में विकास को मुख्य मुद्दा बनाने की रणनीति बनाई है। पार्टी का दावा है कि मुफ्त बिजली, बेहतर सरकारी स्कूल, मोहल्ला क्लीनिक और महिलाओं को आर्थिक सहायता जैसी योजनाओं ने लोगों के बीच गहरा असर छोड़ा है और हरियाणा के मतदाता भी अब इसी तरह की सुविधाएं चाहते हैं।
10 मई को होंगे चुनाव
उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए हैं कि वे 21 से 25 अप्रैल तक चलने वाली नामांकन प्रक्रिया के दौरान पूरी सक्रियता दिखाएं और घर-घर जाकर ‘आप’ की नीतियों और उपलब्धियों को पहुंचाएं। राज्य में 10 मई को चुनाव होंगे और 13 मई को नतीजे घोषित किए जाएंगे।