यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 21, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
हरियाणा के 28 नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी, दिल्ली की 32 सीटें जिताकर डालेंगे PM मोदी की झोली में; संभाला मोर्चा
हरियाणा के 28 भाजपा नेताओं को दिल्ली की 32 विधानसभा सीटें जिताने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भा ...और पढ़ें

HighLights
- हरियाणा के 28 भाजपा नेताओं को दिल्ली की 32 सीटें जिताने की जिम्मेदारी।
- केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के बाद मुख्यमंत्री नायब सैनी ने ली दिल्ली में बैठक।
- दिल्ली की 32 सीटों के प्रत्येक शक्ति केंद्रों पर बैठेंगे हरियाणा के भाजपाई।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के 28 भाजपा नेताओं को दिल्ली की 32 विधानसभा सीटें जिताकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की झोली में डालने की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। केंद्रीय ऊर्जा एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा के राष्टीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ के नेतृत्व में हरियाणा के इन नेताओं ने दिल्ली के आवंटित विधानसभा क्षेत्रों में मोर्चा संभाल लिया है।
दिल्ली के दौरे पर चल रहे मुख्यमंत्री नायब सैनी ने मंगलवार को हरियाणा भवन में इन नेताओं की बैठक ली और उन्हें सभी 32 विधानसभा सीटों के प्रत्येक शक्ति केंद्रों पर अपने राज्य के नेताओं व कार्यकर्ताओं को बैठाने के निर्देश दिए।
भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पुनिया, सह प्रभारी सुरेंद्र नागर और विधानसभा चुनाव सह प्रभारी बिप्लब कुमार देब हरियाणा के नेताओं को दिल्ली के चुनाव की बारीकियां समझाने में लगे हैं। प्रयागराज के दौरे पर जाने से पहले केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने अपने दिल्ली आवास पर हरियाणा के नेताओं की बैठक लेकर उन्हें केंद्र व नायब सरकार के अहम फैसलों से दिल्ली के लोगों को अवगत कराने के निर्देश दिए थे।
मोहनलाल बडौली भी बैठक में हुए शामिल
मुख्यमंत्री ने रविवार की रात को चंडीगढ़ में पार्टी के प्रमुख नेताओं के साथ दिल्ली के चुनाव पर बातचीत की और मंगलवार को वे दिल्ली के लिए रवाना हो गये। हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष मोहन लाल बडौली भी इन बैठकों में भागीदारी कर रहे हैं। उन पर कसौली में दिल्ली की महिला से दुष्कर्म करने के आरोप में एफआईआर दर्ज है।
खबरें और भी
कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी को भाजपा ने दिल्ली के चुनाव में हरियाणा के नेताओं के प्रवास कार्यक्रम का संयोजक बनाया है। मुख्यमंत्री ने हरियाणा के नेताओं के साथ बैठक में कहा कि जिन सीटों को जिताने की जिम्मेदारी हमें सौंपी गई है, उन पर बहुत नीचे तक जाकर काम करना होगा। लोगों को दिल्ली में आम आदमी पार्टी की विफलताओं तथा भाजपा की सफलताओं की जानकारी देनी होगी।
दिल्ली जीतने के लिए बीजेपी ने लगाई पूरी ताकत
कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने बताया कि प्रत्येक सीट पर अलग-अलग चर्चा हुई है ताकि रणनीति बनाने में आसानी हो सके। कैबिनेट मंत्री महिपाल ढांडा के अनुसार, हरियाणा में भाजपा की जीत का असर दिल्ली के चुनाव में देखने को मिलेगा।
राज्यसभा सदस्य किरण चौधरी का कहना है कि हरियाणा की तरफ पूरे देश से कांग्रेस पार्टी खत्म होती जा रही है। कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि हरियाणा का भाजपा संगठन और सरकार दिल्ली के चुनाव को जीतने के लिए पूरी ताकत से लगा हुआ है।
इन नेताओं की लगाई ड्यूटी
दिल्ली के चुनाव में हरियाणा के ये नेता करेंगे कमाल दिल्ली विधानसभा के चुनाव में हरियाणा के जिन नेताओं की ड्यूटी लगाई गई है, उनमें केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, महिपाल ढांडा, असीम गोयल, ओमप्रकाश धनखड़, कंवरपाल गुर्जर, जेपी दलाल, सुभाष सुधा, डा. कमल गुप्ता, कैप्टन अभिमन्यु, सुभाष बराला, किरण चौधरी, संजय भाटिया, डॉ. बनवारी लाल, विशंभर वाल्मीकि, संजय सिंह, मनीष ग्रोवर, ओमप्रकाश यादव, कमलेश ढांडा, डा. अभय सिंह यादव, सुनीता दुग्गल, रामचंद्र जांगड़ा, सीमा त्रिखा, ज्ञानचंद गुप्ता, रामबिलास शर्मा, डीपी वत्स, विजेंद्र दलाल, कृष्ण लाल पंवार और कृष्ण कुमार बेदी शामिल हैं। इनके अलावा विपुल गोयल, डा. अरविंद शर्मा और राजेश नागर भी प्रचार कर रहे हैं। भाजपा ने दिल्ली की सीटों के जातीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए इन नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है।