विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 27, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Haryana Politics: हरियाणा में तीसरी बार सरकार बनाने के लिए जी-जान से जुटी भाजपा, विधानसभा चुनाव में ये होगा एजेंडा

Published: Thu, 27 Jun 2024 03:19 PM (IST)

हरियाणा में होने वाले विधानसभा चुनाव (Haryana Assembly Election) को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) के दिल्ली ...और पढ़ें

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए जुटी बीजेपी (फाइल फोटो)
हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए जुटी बीजेपी (फाइल फोटो)

HighLights

  1. हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए रोडमैप बनाएगी भाजपा
  2. 29 जून को पंचकूला में होगी प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक
  3. बैठक में जिला तथा मंडल स्तर के करीब ढाई हजार कार्यकर्ता व नेता भाग लेंगे

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी की 29 जून को कुरुक्षेत्र में होने वाली विस्तारित प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक अब पंचकूला में होगी। बुधवार को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने बैठक स्थल का दौरा कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में होने वाली यह बैठक पहले कुरुक्षेत्र में रखी गई थी, लेकिन अब इसका स्थान बदल दिया गया है। इस बैठक में विधानसभा चुनाव की रणनीति तैयार की जाएगी।

29 जून की बैठक से पहले बुधवार को नई दिल्ली में भी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर हरियाणा के प्रमुख भाजपा नेताओं की बैठक हुई, जिसमें राज्य में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने को लेकर चर्चा की गई।

भाजपा के इन नेताओं के साथ हुई सीएम सैनी की बैठक

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी चंडीगढ़ में लोगों से मिलने के बाद बुधवार दोपहर को रोहतक पहुंचे और वहां गरीब परिवारों को प्लाट आवंटन की प्रक्रिया पूरी करते ही दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर हुई बैठक में मुख्यमंत्री नायब सैनी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय ऊर्जा व शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल, भाजपा के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान और सह प्रभारी बिप्लब देब शामिल हुए, जिन्होंने विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीतिक चर्चा की।

भाजपा के प्रमुख एजेंडे में दलित, किसान, सिख और कर्मचारी हैं, जिन्हें साधने के लिए भाजपा आने वाले समय में अहम फैसले ले सकती है। मुख्यमंत्री नायब सैनी बृहस्पतिवार को चंडीगढ़ में हरियाणा मंत्रिमंडल की बैठक लेंगे और भाजपा विधायक दल के साथ अलग बैठक कर चर्चा करेंगे।

पंचकूला में होगी अमित शाह की बैठक

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की 29 जून को पंचकूला में होने वाली बैठक के लिए भाजपा के प्रदेश महामंत्री मोहन लाल बडौली ने तैयारियों की समीक्षा की और व्यवस्था के लिए 21 कमेटियों का गठन किया।

विस्तृत प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक से एक दिन पहले 28 जून को प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक होगी, जिसमें सभी प्रदेश पदाधिकारी, जिला प्रधान और जिला प्रभारी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री नायब सैनी भी विस्तृत प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक संबंधी तैयारियों की कल समीक्षा करेंगे।

बैठक का मुख्य एजेंडा आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति को अंतिम रूप देना है। बैठक में मुख्यमंत्री नायब सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, राव इंद्रजीत और कृष्णपाल गुर्जर, राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़, केंद्रीय संसदीय बोर्ड की सदस्य डा. सुधा यादव, विधायक, सांसद तथा मंत्री भी भाग लेंगे।

यह भी पढ़ें- Haryana Cabinet Meeting: हरियाणा सरकार की कैबिनेट बैठक आज, रिटायरमेंट की उम्र 58 से बढ़ाकर 60 साल कर सकती है नायब सरकार

अक्टूबर में होगा विधानसभा का चुनाव

हरियाणा में इसी साल अक्टूबर में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसके लिए भाजपा ने अभी से रणनीति बनानी शुरू कर दी है। बैठक में जिला तथा मंडल स्तर के करीब ढाई हजार कार्यकर्ता व नेता भाग लेंगे। ओपन हाउस भी रखा गया है जिसमें विधायक, सांसद तथा मंत्री अपने क्षेत्रों का फीडबैक देंगे।

भाजपा हाल ही में रोहतक में आयोजित बैठक में 60 सीटों पर जीत का लक्ष्य तय कर चुकी है। पूरे प्रदेश के 90 विधानसभा हलकों को दो भागों में बांटा जाएगा। सबसे पहले उन 60 सीटों का चयन किया जाएगा जहां भाजपा को अपनी जीत सुनिश्चित नजर आ रही है।

इसके बाद उन 30 सीटों को रखा गया है जहां पार्टी को अतिरिक्त मेहनत करने की जरूरत है। 60 सीटों पर जीत के लिए अलग से रोडमैप तैयार किया जा रहा है। इस रोड मैप पर गृहमंत्री अमित शाह द्वारा अंतिम मुहर लगाई जाएगी। एक जुलाई से भाजपा के सभी नेता तथा विधायक फील्ड में उतर जाएंगे।

यह भी पढ़ें- Palwal News: दिल्ली की युवती के साथ मारपीट, दोस्त से मिलने आई थी पलवल; इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।