विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 09, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

होली तक कांग्रेस विधायकों को मिल सकता है अपना नेता, फॉर्मूला सेट; राहुल गांधी ने बीके हरिप्रसाद को भेजा हरियाणा

Published: Sun, 09 Mar 2025 04:47 PM (GMT+05:30)

हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी बीके हरिप्रसाद ने राज्य में कांग्रेस का संगठन बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। राहुल ...और पढ़ें

राहुल गांधी ने बीके हरिप्रसाद को दी अहम जिम्मेदारी। फाइल फोटो
राहुल गांधी ने बीके हरिप्रसाद को दी अहम जिम्मेदारी। फाइल फोटो

HighLights

  1. चंडीगढ़ में रहकर विधायकों और प्रमुख नेताओं के साथ करेंगे चर्चा।
  2. प्रदेश अध्यक्ष को होली तक कांग्रेस के विधायक दल का फैसला होने की उम्मीद।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी बीके हरिप्रसाद ने राज्य में कांग्रेस का संगठन बनाने की प्रक्रिया आरंभ कर दी है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के निर्देशों के बाद बीके हरिप्रसाद राज्य के दौरे पर निकलने वाले हैं।

कांग्रेस के प्रदेश सह प्रभारी जितेंद्र बघेल पहले ही राज्य के दौरे पर निकल पड़े हैं। बीके हरिप्रसाद मंगलवार को चंडीगढ़ आ रहे हैं। उनका यहां दो दिन रहने का कार्यक्रम है। इन दो दिनों में बीके हरिप्रसाद राज्य के कांग्रेस विधायकों के साथ-साथ प्रमुख पार्टी नेताओं से मुलाकात करेंगे।

हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष चौधरी उदयभान को उम्मीद है कि होली तक कांग्रेस को विधायक दल का नेता मिल सकता है।

विपक्ष के नेता का नाम अभी तक घोषित नहीं

बीके हरिप्रसाद ऐसे समय में चंडीगढ़ आ रहे हैं, जब हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है। कांग्रेस इस समय बिना नेता के बजट सत्र में भागीदारी कर रही है। हालांकि, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा विधानसभा में विपक्ष के नेता की भूमिका में हैं, लेकिन कांग्रेस हाईकमान की ओर से अभी तक विधिवत रूप से विपक्ष के नेता का नाम घोषित नहीं किया गया है।

बीके हरिप्रसाद नई दिल्ली में इसी सप्ताह राज्य के प्रमुख कांग्रेस नेताओं से मिलने के बाद अपनी रिपोर्ट हाईकमान को दे चुके हैं। हाईकमान ने अभी तक हरिप्रसाद की रिपोर्ट पर कोई फैसला नहीं लिया है। कांग्रेस को बिना विपक्ष के नेता के विधानसभा में सत्ता पक्ष के उपहास का सामना करना पड़ रहा है।

सह प्रभारी जितेंद्र बघेल और प्रफुल्ल पाटिल भी मौजूद

कांग्रेस हाईकमान ने बीके हरिप्रसाद की रिपोर्ट पर फैसला लेने से पहले उन्हें राज्य के दौरे पर निकलने के निर्देश दिए हैं। हरिप्रसाद को होली के बाद राज्य के दौरे पर आना था, लेकिन राहुल गांधी के कहने पर उनका दौरा पहले ही आरंभ हो चुका है। उनके साथ सह प्रभारी जितेंद्र बघेल और प्रफुल्ल पाटिल भी रहेंगे।

उनके चंडीगढ़ आने से पहले जितेंद्र बघेल ने एनसीआर के दो प्रमुख जिलों फरीदाबाद व गुरुग्राम में पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद का कार्यक्रम बनाया है।

नये प्रभारी के चंडीगढ़ दौरे के दौरान भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी सैलजा, रणदीप सिंह सुरजेवाला, कैप्टन अजय यादव, दीपेंद्र सिंह हुड्डा, चौधरी उदयभान और जितेंद्र भारद्वाज समेत राज्य के अधिकतर प्रमुख नेताओं के रहने की संभावना है।

हरिप्रसाद चंडीगढ़ में विधायकों के साथ-साथ प्रमुख नेताओं से वार्ता कर कांग्रेस के पिछले 11 साल से नहीं बन पाए संगठन को आकार देने का प्रयास करेंगे।

उदयभान को तुरंत बदलने का कोई इरादा नहीं

बीके हरिप्रसाद हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र भी देखने जा सकते हैं। भूपेंद्र सिंह हुड्डा के अलावा विपक्ष के नेता के लिए जिन विधायकों के नाम चल रहे हैं, बीके हरिप्रसाद विधानसभा में उनका बोलने तथा सरकार को घेरने का स्टाइल विधानसभा में देख सकते हैं, ताकि वे हाईकमान को यह रिपोर्ट दे सकें कि उनके द्वारा लिया जाने वाला फैसला कितना उचित अथवा अनुचित है।

फिलहाल कांग्रेस लोकसभा, विधानसभा और शहरी निकाय चुनाव में काम कर रहे पहले से नियुक्त जिला प्रभारियों से ही काम चला रही है। अभी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान को भी तुरंत बदलने का कोई इरादा नजर नहीं आ रहा है। पार्टी प्रभारी दीपक बाबरिया को उनके स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर पहले ही दायित्व से मुक्त किया जा चुका है।

यह भी पढ़ें- Haryana News: लॉन्च होने से पहले विवादों में हरियाणा का राज्य गीत, दो लेखकों ने लिरिक्स चोरी करने के लगाए आरोप

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।