यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 17, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
हरियाणा में Nayab Saini Cabinet का क्यों नहीं हो पा रहा विस्तार? ये बड़ी वजह आई सामने
हरियाणा में सीएम का चेहरा बदलते ही अब जल्दी ही मंत्रिमंडल में भी कई नये चेहरे होने की उम्मीद है। शनिवार को लगभग सैनी मंत्रिमंडल का विस्तार तय था। लेकि ...और पढ़ें

HighLights
- राव इंद्रजीत की नापसंद व विज की नाराजगी से रुका मंत्रिमंडल विस्तार।
- शनिवार को दिनभर चली भागदौड़, राजभवन पहुंची पांच गाड़ियों को लौटाना पड़ा।
अनुराग अग्रवाल, चंडीगढ़। हरियाणा के नये मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (CM Nayab Saini) के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल विस्तार (Nayab Saini Cabinet) को लेकर शनिवार का दिन बेहद उतार-चढ़ाव और भाग-दौड़ भरा रहा। मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें शुक्रवार रात 11 बजे से आरंभ हुई थी, जो शनिवार शाम तीन बजे तक तब तक चलती रही, जब तक केंद्रीय चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान नहीं कर दिया।
पूरे दिन की कसरत और इंतजार के बाद भी शनिवार को मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं हो पाया। लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2024) का शेड्यूल घोषित होते ही मंत्री बनने की आस लगाए बैठे विधायक निराश हो गए और अपने परिवार तथा समर्थकों के साथ वापस विधानसभा क्षेत्रों में लौट गए। कुछ विधायक उम्मीद में अभी भी चंडीगढ़ में डटे हुए हैं।
नायब सिंह सैनी की सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार शनिवार को होना तय था। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) से शुक्रवार की रात को हुई मुख्यमंत्री नायब सैनी और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल (Manohar Lal) की मुलाकात के बाद यह तय हो गया था। रात को ही राजभवन को इसकी सूचना दे गई थी। जिन विधायकों को मंत्री बनाया जाना था, उनमें से कुछ के पास संदेश चले गए थे तो कुछ को सिर्फ चंडीगढ़ पहुंचकर इंतजार करने के लिए बोला गया था।
लेकिन पूरे दिन मंत्रियों के नाम फाइनल करने पर ऐसा पेंच फंसा, जो शाम तक भी नहीं निकल सका। मंत्रियों के नाम तय करते समय जातीय संतुलन साधने में तो परेशानी आई ही, साथ ही केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत की पसंद-नापसंद, पूर्व गृह मंत्री अनिल विज की नाराजगी और मंत्री नहीं बनने की भनक के बाद नाराज हुए निर्दलीय विधायकों की एकजुटता ने मंत्रिमंडल विस्तार की गाड़ी को जाम कर दिया।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें: Haryana Lok Sabha Election 2024 Dates: हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों पर छठे चरण में चुनाव, यहां पढ़ें सभी अपडेट
कुछ भाजपा (Haryana BJP) विधायकों ने भी पूरे दिन लाबिंग चलाई। अब चूंकि चुनाव आचार संहिता लग चुकी है तो ऐसे में मंत्रिमंडल विस्तार की संभावना हाल-फिलहाल नजर नहीं आ रही है। हालांकि खास बात यह है कि चुनाव आचार संहिता के दौरान भी मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है, लेकिन इसके लिए हरियाणा सरकार खासकर राज्यपाल को केंद्रीय चुनाव आयोग से अनुमति लेनी पड़ेगी।
शनिवार सुबह साढ़े 11 बजे मंत्री कार सेक्शन की पांच गाड़ियां राजभवन पहुंची थी, लेकिन वे तुरंत गेट से ही वापस लौट गई। गृह विभाग के सचिव-।। महावीर सिंह राजभवन पहुंचे। सीएम और पूर्व सीएम के बीच काफी देर तक बैठकें चलती रहीं।
मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद पहले मुख्यमंत्री आवास पर नायब सिंह सैनी से मिले। इसके बाद वे राजभवन आए और काफी देर रुकने के बाद वापस लौट गए। फिर गुरुग्राम के भाजपा विधायक सुधीर सिंगला राजभवन पहुंचे और बयान दिया कि पूर्व गृह मंत्री अनिल विज नाराज हैं, जिन्हें जल्दी ही मना लिया जाएगा।