Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 27, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Haryana Politics: एक दूसरे पर बरसने वाले नेताओं ने राहुल के सामने दिखाया अनुशासन, हुड्डा ने कहा- कांग्रेस की सरकार बनेगी

    Updated: Thu, 27 Jun 2024 10:17 AM (IST)

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे राहुल गांधी और केसी वेणुगोपाल ने नई दिल्ली में हरियाणा के 39 नेताओं संग दो घंटे से ज्यादा देर तक मंथन किया। राहुल ग ...और पढ़ें

    हरियाणा कांग्रेस की नेताओं की बैठक के दौरान राहुल गांधी
    हरियाणा कांग्रेस की नेताओं की बैठक के दौरान राहुल गांधी

    HighLights

    1. हरियाणा कांग्रेस के 39 नेताओं के साथ राहुल गांधी ने की बैठक
    2. बैठक में मल्लिकार्जुन खरगे और के सी वेनुगोपाल भी रहे मौजूद
    3. लोकसभा चुनाव के नतीजों को शीर्ष नेतृत्व ने सराहा

    अनुराग अग्रवाल, चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस के जो नेता फील्ड में एक दूसरे पर जबरदस्त तरीके से हमलावर रहते हैं, वे सभी बुधवार को नई दिल्ली में हुई बैठक के दौरान राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के सामने पूरे अनुशासन में नजर आए।

    इन नेताओं ने राहुल गांधी को यह संदेश देने की कोशिश की कि हरियाणा कांग्रेस में सब कुछ ठीक चल रहा है। किसी ने एक दूसरे के विरुद्ध तीखी टिप्पणियां नहीं की।

    लोकसभा चुनाव में टिकट वितरण से लेकर भितरघात और कांग्रेस का संगठन बनने में हो रही देरी पर कुछ नेताओं ने अपनी बात राहुल गांधी के सामने रखनी चाही लेकिन उन्हें या तो रोक दिया गया और या फिर अनसुना कर दिया गया। ऐसे नेताओं को कहा गया कि वे मिलकर एकजुटता से चुनाव लड़ें और पार्टी की बात पार्टी के प्लेटफार्म पर रखें।

    कांग्रेस संगठन जल्द तैयार करने का निर्देश

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सांसद राहुल गांधी ने करीब दो घंटे की चर्चा के बाद आखिर में यह कहते हुए मीटिंग को समेट दिया कि सभी को मिलकर चलना होगा। एकजुट होकर काम करोगे तो निश्चित रूप से हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनेगी।

    राहुल ने कांग्रेस प्रभारी दीपक बाबरिया से पूछा कि अभी तक कांग्रेस का संगठन क्यों नहीं बन पाया है। बाबरिया का जवाब नहीं आया तो राहुल गांधी स्वयं ही बोले कि जल्दी संगठन तैयार करो और कोशिश करो कि कांग्रेस के सभी नेताओं को समान रूप से उसमें प्रतिनिधित्व मिले।

    खबरें और भी

    हुड्डा ने कांग्रेस सरकार बनाने का दिया भरोसा

    हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा इस बैठक में ज्यादा नहीं बोले। उन्होंने बाकी सभी नेताओं को अपनी बात कहने का पूरा अवसर दिया। हुड्डा ने सौ सुनार की, एक लुहार की तर्ज पर कांग्रेस हाईकमान को भरोसा दिलाया कि हरियाणा में हर हाल में कांग्रेस की सरकार बनेगी।

    लोकसभा चुनाव का नतीजा बहुत बढ़िया रहा है और विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस सरकार बनाने जा रही है। भूपेंद्र हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा के नेतृत्व में ही राज्य में लोकसभा चुनाव लड़ा गया था, जिसके नतीजों को कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने सराहा है।

    किरण चौधरी के जाने पर राहुल की चुप्पी

    मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल और दीपक बाबरिया की मौजूदगी में हरियाणा की बैठक में 42 नेताओं को बुलाया गया था, जिसमें कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला, पूर्व मंत्री करण दलाल और कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष रामकिशन गुर्जर नहीं पहुंचे।

    बीरेंद्र सिंह, धर्मपाल मलिक, चिरंजीव राव, रामनिवास घोडेला और कुलदीप वत्स के नाम मीटिंग में बुलाने वाले नेताओं की सूची में बाद में जोड़े गए थे, जो सभी शामिल हुए। कुमारी सैलजा ने पार्टी कार्यकर्ताओं की सुनवाई किए जाने की सलाह बैठक में दी।

    किरण चौधरी का मुद्दा भी उठा। राहुल गांधी के सामने कहा गया कि एक तरफ हम दूसरे दलों के नेताओं को कांग्रेस में शामिल कर रहे हैं, दूसरी तरफ सुनवाई के अभाव में हमारे अपने हमें छोड़कर जा रहे हैं। राहुल इस पर कुछ नहीं बोले।

    राहुल गांधी को समझाया जीत का फार्मूला

    करनाल के लोकसभा उम्मीदवार दिव्यांशु बुद्धिराजा ने भितरघात का मुद्दा उठाया, मगर उसे अनसुना कर दिया गया। कांग्रेस महासचिव दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने पांच लोकसभा सीटों पर जीत का श्रेय संगठन के नेतृत्व, कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत और छत्तीस बिरादरी के लोगों के भरोसे को दिया।

    पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने कहा कि मुझे 42 साल कांग्रेस और 10 साल भाजपा में काम करने का अनुभव है। राजनीति से मैं रिटायर हो रहा हूं, लेकिन चुनाव की टिप्स बढ़िया दे सकता हूं। कांग्रेस का संगठन बनना चाहिए।

    कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव के नतीजों को सराहते हुए कहा कि सभी को एक साथ और मिलकर काम करना होगा। कांग्रेस के एक-एक लीडर को मतभेद और मनभेद भुलाकर काम करना होगा।

    संगठन में सभी को समान प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। राहुल ने बाबरिया से कहा कि संगठन बनाने का काम आपका है। इसे जिम्मेदारी के साथ पूरा करें।

    राहुल ने दिया सभी को मिलकर चलने का संदेश- बाबरिया

    हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी दीपक बाबरिया ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी जी ने हरियाणा कांग्रेस को लोकसभा में जीत की बधाई दी है। शानदार प्रदर्शन के लिए हरियाणा कांग्रेस के नेतृत्व की सराहना की। कहा कि पूरे देश में सबसे अच्छा प्रदर्शन हरियाणा में रहा।

    सबसे ज्यादा वोट प्रतिशत कांग्रेस ने हरियाणा में हासिल किया। कांग्रेस ने नौ सीटों पर चुनाव लड़ा था और पांच पर जीत हासिल की। 46 प्रतिशत से अधिक वोट मिले और 46 से ज्यादा विधानसभा सीटों पर हमारी पार्टी आगे रही। राहुल गांधी ने सभी को एक साथ चलने को कहा है। हम मिलकर चुनाव लड़ेंगे और सरकार बनाएंगे।

    यह भी पढ़ें- Haryana IPS HPS Transfer: हरियाणा में आठ जिलों के एसपी सहित 50 आईपीएस और एचपीएस अफसरों के तबादले, देखें यहां पूरी लिस्ट

    'हम सब मिलकर जनता की आवाज बनेंगे'

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि हरियाणा के किसानों और नौजवानों को भाजपा ने धोखा दिया है। आने वाले चुनाव में हमें सभी छत्तीस बिरादरी के लोगों का विश्वास हासिल करना है। भाजपा के 10 वर्षों के शासन ने हरियाणा के विकास को रोक दिया है। सैकड़ों भर्ती परीक्षाओं में धांधली हुई है।

    किसानों पर घोर अत्याचार हुए हैं। दलितों, महिलाओं और पिछड़ों पर अत्याचार हुए। अपराध बढ़े। हरियाणा विकास के रास्ते से भटक गया है। अग्निपथ योजना से हरियाणा के वीर देशभक्त जवानों के भविष्य से खिलवाड़ हुआ है। इससे दुर्भाग्यपूर्ण क्या हो सकता है। हम सब को एकजुट होकर जनता की आवाज़ बुलंद करनी है।

    यह भी पढ़ें- Haryana Weather News: झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहाना, 4 डिग्री तक लुढ़का पारा; इस दिन दस्तक दे सकता है मानसून