Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    हरियाणा कांग्रेस की नई रणनीति: अभियानों से आगे बढ़कर जवाबदेही और रिव्यू पर जोर; सोनीपत से शुरू होगा संजय दत्त का दौरा

    Updated: Thu, 06 Aug 2026 02:51 PM (IST)

    हरियाणा कांग्रेस ने संगठन को अभियान आधारित से हटाकर नियमित समीक्षा और जवाबदेही के मॉडल पर खड़ा करने की रणनीति अपनाई है। ...और पढ़ें

    हरियाणा कांग्रेस का संगठनात्मक पुनर्गठन (File Photo)

    हरियाणा कांग्रेस का संगठनात्मक पुनर्गठन (File Photo)

    HighLights

    1. संगठन को नियमित समीक्षा और जवाबदेही मॉडल पर खड़ा करने की रणनीति

    2. प्रदेश प्रभारी संजय दत्त 7 अगस्त से सोनीपत दौरा शुरू करेंगे

    3. बूथ स्तर तक संगठन विस्तार और चुनावी तैयारियों पर रहेगा जोर

    राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस ने संगठन को अभियान आधारित व्यवस्था से निकालकर नियमित समीक्षा और जवाबदेही के मॉडल पर खड़ा करने की रणनीति अपनाई है।

    पार्टी के हरियाणा प्रभारी संजय सतीशचंद्र दत्त सात अगस्त से अपने तीसरे चरण के दौरे की शुरुआत सोनीपत से करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह पूरे दौरे में उनके साथ रहेंगे। इस चरण में संगठनात्मक कामकाज की समीक्षा, बूथ स्तर तक विस्तार की रणनीति और चुनावी तैयारियों को गति देने पर विशेष जोर रहेगा।

    सात अगस्त को सोनीपत में प्रदेश के सभी जिला कांग्रेस अध्यक्षों की मासिक समीक्षा बैठक होगी। इसमें जिला इकाइयों के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड देखा जाएगा और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की जाएगी।

    आठ अगस्त को विशेष कार्यशाला में एसआइआर अभियान के बाद 34 लाख वोट काटे जाने की स्थिति पर चर्चा होगी। इस बैठक में प्रदेश कांग्रेस के सभी प्रमुख नेताओं को आमंत्रित किया गया है।

    इसके बाद नौ और 10 अगस्त को संजय दत्त और राव नरेंद्र सिंह पानीपत जिले का दौरा करेंगे। सोनीपत और पानीपत में जिला कमेटियों तथा विधानसभा स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ संगठन, जनसंपर्क और स्थानीय मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। पार्टी नेतृत्व अब तक 10 जिलों का दौरा पूरा कर चुका है और शेष जिलों में भी इसी तर्ज पर संवाद अभियान जारी रहेगा।

    कांग्रेस ने संगठन विस्तार को नियमित प्रक्रिया बनाने के लिए मासिक कार्य कैलेंडर लागू किया है। इसके तहत प्रत्येक माह एक से पांच तारीख तक ब्लाक कांग्रेस कमेटियों, एक से 10 तारीख तक जिला कांग्रेस कमेटियों तथा 10 से 15 तारीख तक जिला इकाइयों की समीक्षा बैठकें आयोजित होंगी। इन बैठकों में प्रदेश प्रभारी संजय दत्त स्वयं भाग लेकर संगठनात्मक प्रगति का आकलन करेंगे।

    प्रदेश कांग्रेस ने 180 ब्लाक कांग्रेस कमेटियों में से लगभग 150 ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति पूरी होने का दावा किया है। साथ ही 10 जिलों में मंडल स्तर का गठन भी पूरा हो चुका है। अब लक्ष्य शेष जिलों में यह प्रक्रिया पूरी कर बूथ स्तर तक मजबूत संगठनात्मक ढांचा खड़ा करना है।

    जिलाध्यक्षों को इसी माह नाम तय कर 31 अगस्त तक सूची प्रदेश नेतृत्व को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति के बाद सितंबर और अक्टूबर में जिला, ब्लाक और मंडल स्तर पर कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी का मानना है कि मजबूत, प्रशिक्षित और जवाबदेह संगठन ही चुनावी मुकाबले में उसकी सबसे बड़ी ताकत बनेगा।

    हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी संजय सतीशचंद्र दत्त ने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य केवल संगठन का विस्तार नहीं, बल्कि गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक सक्रिय तथा जवाबदेह ढांचा तैयार करना है।

    वहीं, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि समर्पित कार्यकर्ताओं की मजबूत टीम खड़ी कर संगठन को जमीनी स्तर पर पहले से अधिक सशक्त बनाया जाएगा। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा और राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल भी संगठन सृजन की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाने पर जोर दे चुके हैं।

    खबरें और भी