4 दिन में 1253 अपराधी गिरफ्तार... 15 अगस्त से पहले एक्शन में हरियाणा पुलिस; बदमाशों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर हरियाणा पुलिस ने 'ऑपरेशन ट्रैकडाउन' चलाकर चार दिनों में 1253 कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें
-1786019475876_m.webp)
ऑपरेशन ट्रैकडाउन में हरियाणा पुलिस ने चार दिन में 1253 अपराधियों को किया गिरफ्तार। फाइल फोटो
HighLights
'ऑपरेशन ट्रैकडाउन' के तहत 1253 अपराधी गिरफ्तार
चार दिनों में 1196 आपराधिक मामले दर्ज किए गए
अभियान स्वतंत्रता दिवस के बाद भी जारी रहेगा
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर हरियाणा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘आपरेशन ट्रैकडाउन’ के तहत अपराधियों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई है।
महज चार दिनों में पुलिस ने प्रदेशभर से 1253 कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार कर कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ी सफलता हासिल की है। इस दौरान 1196 आपराधिक मामले दर्ज किए गए, 151 गंभीर मामलों में 204 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 143 हिस्ट्रीशीट अपडेट और 18 नए आदतन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार, यह अभियान हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, फिरौती, स्नैचिंग, अपहरण, अवैध हथियारों और अन्य संगठित अपराधों में शामिल अपराधियों की धरपकड़ के लिए पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है।
जिला पुलिस, अपराध शाखा, स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और अन्य विशेष इकाइयां संयुक्त रूप से कार्रवाई कर अपराधियों के नेटवर्क को ध्वस्त करने में जुटी हैं।
पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अपराध के प्रति 'जीरो टालरेंस' की नीति पर काम कर रही है। अभियान का उद्देश्य अपराधियों के मन में कानून का भय पैदा करना और प्रदेशवासियों को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी पुलिस आयुक्तों और जिला पुलिस अधीक्षकों को फरार, वांछित और आदतन अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस महानिरीक्षक (राज्य अपराध शाखा) राकेश आर्य ने बताया कि गंभीर अपराधों में आर्म्स एक्ट के 55 मामलों में 59 आरोपित, हत्या के प्रयास के 34 मामलों में 63 आरोपित, हत्या के 23 मामलों में 26 आरोपित, लूट के 14 मामलों में 20 आरोपित, स्नैचिंग के नौ मामलों में 17 आरोपित, फिरौती के छह मामलों में छह आरोपित, अपहरण के छह मामलों में पांच आरोपित तथा डकैती के तीन मामलों में सात आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा अन्य श्रेणी के 1045 मामलों में 1049 अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया। आपरेशन ट्रैकडाउन स्वतंत्रता दिवस के बाद भी लगातार जारी रहेगा।