'खिलाड़ियों को राजनीति करना शोभा नहीं देता...', हरियाणा खेल मंत्री की विनेश फोगाट को सलाह
हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने पहलवान विनेश फोगाट को खेलों में राजनीति न करने की सलाह दी है। ...और पढ़ें

विनेश फोगाट फाइल फोटो
HighLights
खेल मंत्री ने विनेश फोगाट को राजनीति से दूर रहने को कहा।
हुड्डा ने विनेश के समर्थन में केंद्रीय मंत्री से हस्तक्षेप मांगा।
विनेश को गोंडा में प्रतियोगिता, ट्रेनिंग से रोका गया।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने जुलाना की कांग्रेस विधायक एवं महिला पहलवान विनेश फोगाट को खेलों में राजनीति नहीं करने की सलाह दी है।
गौरव गौतम ने कहा कि विनेश खिलाड़ी होने के साथ-साथ विधायक भी हैं, ऐसे में खिलाड़ियों को राजनीति करना शोभा नहीं देता। कानूनी रूप से जो सही होगा, उस पर फैसला होगा।
केंद्र व राज्य सरकार खिलाड़ियों के साथ है। खेल राज्य मंत्री में चंडीगढ़ में मीडिया से बात करते हुए कहा कि खेलों के क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में बहुत अच्छे काम हो रहे हैं।
समर्थन में आए भूपेंद्र हुड्डा
उधर, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने महिला पहलवान व जुलाना की कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट के मामले में केंद्रीय खेल मंत्री से तुरंत हस्तक्षेप करने की मांग की है। हुड्डा ने कहा कि एक ओलिंपियन खिलाड़ी द्वारा लगाए जा रहे आरोप बेहद गंभीर हैं। विनेश फोगाट ने कई मौकों पर देश का मान बढ़ाया है। ऐसे में केंद्र सरकार और खेल संस्थाओं की जिम्मेदारी बनती है कि विनेश फोगाट के सम्मान के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ न होने पाए।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर विनेश फोगाट मेरिट के आधार पर खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना चाहती हैं, एशियन गेम्स या अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाओं में भागीदारी करने की उनकी चाह है तो उन्हें निश्चित रूप से मौका मिलना चाहिए। इसके विपरीत गोंडा में उन्हें न तो प्रतियोगिता में भाग लेने दिया गया और न ही ट्रेनिंग हाल का उपयोग करने की अनुमति दी गई।
भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भारतीय कुश्ती महासंघ की कार्यप्रणाली कई बार सवालों के घेरे में रही है। इसलिए जरूरी है कि स्वयं केंद्रीय खेल मंत्री पूरे मामले का संज्ञान लें और हस्तक्षेप करें, ताकि किसी भी खिलाड़ी का हक न मारा जाए।
खबरें और भी
मुट्ठी भर ही खिलाड़ी ओलंपिक तक पहुंचते हैं: भूपेंद्र हुड्डा
उन्होंने कहा कि हमारे देश में मुट्ठी भर ही ऐसे खिलाड़ी हैं जो ओलिंपिक तक का सफर तय करते हैं और पदक जीतने की क्षमता रखते हैं। विनेश उन्हीं में से एक पहलवान हैं। पेरिस ओलिंपिक में भी विनेश फोगाट स्वर्ण पदक प्राप्त करने की स्थिति में पहुंच गई थीं, लेकिन आखिरी क्षण में किस्मत ने उनका साथ नहीं दिया। तमाम मैच जीतने के बावजूद वे पदक से वंचित रह गईं।
हुड्डा ने जोर देकर कहा कि अगर विनेश अपनी मेहनत से कमबैक करना चाहती है और देश के लिए पदक लाना चाहती है तो खेल संस्थाओं को उनके साथ भेदभाव करने की बजाय पूरा सहयोग करना चाहिए।