यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 27, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
देवीलाल का झंडा उठाकर हरियाणा में रथयात्रा निकालेंगे अभय चौटाला, 90 विधानसभा क्षेत्रों का करेंगे दौरा
Abhay Chautala Rath Yatra इनेलो के प्रधान महासचिव अभय चौटाला ने पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों को कार्यकर्ताओं से बातचीत कर रथयात्रा का रूट प्लान तैयार ...और पढ़ें

HighLights
- 15 अक्टूबर से आरंभ होकर विधानसभा चुनाव तक नापेंगे राज्य के सभी 90 हलके
- हर रोज 15 से 20 गांव होंगे कवर, रास्ते में पड़ने वाले शहर व कस्बों में भी जाएगी यात्रा
- परिवर्तन पदयात्रा के माध्यम से चार हजार किलोमीटर का सफर पहले तय कर चुके अभय
चंडीगढ़, राज्य ब्यूरो। INLD Rath Yatra In Haryana इंडियन नेशनल लोकदल के प्रधान महासचिव अभय चौटाला अब पूरे प्रदेश में परिवर्तन रथयात्रा निकालेंगे। ताऊ देवीलाल के 110वें जयंती समारोह तक राज्य में परिवर्तन पदयात्रा निकाल चुके अभय चौटाला की परिवर्तन रथयात्रा विधानसभा चुनाव तक चलेगी। इस रथयात्रा के माध्यम से इनेलो राज्य के सभी 90 शहरी व ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेगा। एक दिन में 15 से 20 गांव कवर करने की योजना है। रथयात्रा के रूट प्लान में यदि कोई शहर और कस्बा भी आएगा तो उसे भी कवर किया जाएगा। समय-समय पर इनेलो प्रमुख ओमप्रकाश चौटाला भी इस रथयात्रा का हिस्सा बनेंगे।
इनेलो के प्रधान महासचिव अभय चौटाला ने पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों को कार्यकर्ताओं से बातचीत कर रथयात्रा का रूट प्लान तैयार करने के निर्देश दे दिए हैं। यह रथयात्रा 15 अक्टूबर से आरंभ होगी। परिवर्तन पदयात्रा के दौरान अभय सिंह करीब दो हजार गांवों व शहरों का सफर तय करते हुए लगभग चार हजार किलोमीटर तक पैदल चले थे। इस दौरान उन्होंने अपनी पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं की इनेलो में घर वापसी कराई तथा दूसरे दलों के नेताओं व कार्यकर्ताओं को पार्टी ज्वाइन कराई।
'यह यादगार रैली है'
चंडीगढ़ में मीडिया से बातचीत करते हुए अभय चौटाला ने कहा कि परिवर्तन पदयात्रा के दौरान लोगों ने अपनी समस्याएं व शिकायतें बताई, जिन्हें विधानसभा में पूरी मजबूती के साथ उठाया गया। लोगों के प्यार और भरोसे का ही नतीजा है कि कैथल में ताऊ देवीलाल की जयंती के उपलक्ष्य में हुई रैली में लाखों लोग जुटे। यह रैली यादगार रैली है।
ये भी पढ़ें- Haryana Politics: अहीरवाल क्षेत्र में BJP को बड़ा झटका, पूर्व मंत्री जगदीश यादव ने थामा कांग्रेस का हाथ
सभी हलकों में जाएंगे अभय चौटाला
उन्होंने कहा कि रथयात्रा के दौरान राज्य के सभी हलकों में वे जोन स्तर तक जाएंगे। संगठन को मजबूत करने का काम साथ-साथ चलता रहेगा। मेहनत करने वाले पदाधिकारियों को प्रमोशन मिलेगी और काम करने वाले कार्यकर्ताओं को पार्टी में पद दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के जूतों में दाल बंट रही है। कांग्रेस नेता अपने-अपने वर्चस्व को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल सिर्फ घोषणाएं कर रहे हैं। उनकी कोई बड़ी घोषणा आज तक सिरे नहीं चढ़ पाई है।
खबरें और भी
चाचा ने भतीजे की रैली पर उठाए गंभीर सवाल
इनेलो महासचिव अभय चौटाला ने अपने भतीजे हरियाणा सरकार में उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की सीकर रैली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि इस रैली में महिलाओं व बच्चों से एक-एक हजार रुपये लेकर तीन दिनों तक श्याम खाटू जी महाराज और सालासर बालाजी महाराज के दर्शन कराने का भरोसा दिलाया गया, लेकिन किसी को खाना और पानी तक नहीं मिला। इसके वीडियो जमकर वायरल हुए हैं। सीकर रैली के माध्यम से जेजेपी ने पैसे इकट्ठा करने का काम किया है, जो कि वह आगे भी किसी रैली में कर सकते हैं। वीडियो में औरतें रो रही थी। इस पूरे प्रकरण की जांच होनी चाहिए और दोषी लोगों पर एफआइआर दर्ज की जानी चाहिए।